Pages

सर्राफा कारोबारी पर हुए जानलेवा हमले से व्यापारियों में आक्रोश


लखनऊ। राजधानी के ट्रांसगोमती इलाके में धनतेरस के ठीक पहले बुधवार रात सर्राफा कारोबारी पर हुए जानलेवा हमले से व्यापारियों में खासा आक्रोश है। लखनऊ के विकास नगर थाना क्षेत्र में प्रतिष्ठित बद्री सर्राफ के मालिक अभिषेक पर हुए हमले पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप बंसल, लखनऊ के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, महामंत्री सुरेश छाबलानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त करते हुए राजधानी में सुरक्षा चाक-चौबंद किये जाने की मांग की है।



संदीप बंसल ने कहाकि पुलिस की पिकेट व्यवस्था और अधिक चुस्त दुरुस्त होनी चाहिए ताकि किसी भी मार्ग पर ऐसी कोई भी अप्रिय घटना ना हो सके। उन्होंने कहाकि पुलिस का डर अपराधियों पर रहना चाहिए ताकि इस प्रकार का कोई भी कृत्य करने से पहले उनको सैकड़ो बार सोचना पड़े। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल इस घटना में शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की मांग की है।



वहीं राष्ट्रीय स्वर्णकार महासभा के प्रदेश अध्यक्ष व सर्राफा कारोबारी कन्हैया लाल वर्मा ने भी घटना पर आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहाकि त्योहारों के मौके पर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के लिए बीते दिनों पुलिस अधिकारियों की व्यापारियों के साथ बैठक हुई थी।



जिसमें व्यापारियों की मांग पर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने और पुलिस गश्त बढ़ाये जाने का आश्वासन दिया था। लेकिन धनतेरस के एक दिन पहले लखनऊ के बड़े सर्राफ बद्री प्रसाद ज्वेलर्स के पुत्र पर हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी। व्यापारियों पर अपराधियों के हमले से सर्राफा व्यापारी भयभीत है। 



विकास नगर एसएचओ सस्पेंड, एक गिरफ्तार


लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार रात सर्राफा कारोबारी अभिषेक केसरवानी को गोली मार दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अभिषेक के सगे चाचा राजेश केसरवानी व अष्टभुजा पाठक सहित चार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।



अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच व विकासनगर की टीम लगी हुई है। वहीं, लापरवाही बरतने पर लखनऊ पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने विकास नगर प्रभारी निरीक्षक ऋषभदेव सिंह को सस्पेंड कर दिया। चौकसी में लापरवाही बरतने पर यह कार्रवाई की गई है।



ये है मामला


ट्रांसगोमती के विकासनगर इलाके में बड़े सर्राफा कारोबारी अभिषेक को गोली मारे जाने से राजधानी में हड़कंप मच गया। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब कारोबारी दुकान बंदकर अपने घर वापस जा रहा थे। रास्ते में कारोबारी को रोककर बदमाश उसे गोली मारकर फरार हो गए।



सर्राफा व्यापारी को कंधे के पास गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज चल रहा है। यह वारदात तब हुई है, जब त्योहार के मौके पर जगह-जगह पुलिस तैनात है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ