Pages

बजट : आधी आबादी को दी कई सौगातें

लख़नऊ। वित्तीय वर्ष 2021-22 के आम बजट में योगी सरकार ने आधी आबादी को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने के लिये कई सौगातें दी हैं। वित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना ने डिजिटल बजट पेश करते हुए बेटियों व महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री सक्षम सुपोषण योजना और महिला सामर्थ्‍य योजना शुरू करने का ऐलान किया। बजट में मिली सौगात को सराहनीय बताते हुए आधी आबादी ने मिली जुली प्रतिक्रिया व्यक्त की।

रुपाली गुप्ता

प्रदेश के पहले पेपरलेस सर्व समावेशी बजट में समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी महिला मजदूर को पुरुष मजदूर के बराबर मजदूरी देने का निर्णय करके मुख्यमंत्री ने महिलाओं के प्रति अपनी संत वाली भावनाओं का प्रकटीकरण किया है। बजट में जहां एक ओर प्रदेश को आर्थिक विकास की राह पर दौड़ने का संकल्प है वहीं अंत्योदय के विचार को ध्यान में रखकर गरीब की थाली में रोटी के साथ दाल और घी का प्रबंध भी करने का प्रयास किया गया है।

रुपाली गुप्ता

(कार्यकारिणी सदस्य, लखनऊ नगर निगम व पार्षद भारतेन्दु हरिश्चंद्र वार्ड)

खुशबूराखी मिश्रा
बजट में सभी वर्गों खासकर बेटियों व महिलाओं का विशेष ख्याल रखा गया है। कन्या सुपोषण योजना के साथ ही महिला सामर्थ्य योजना शुरू करने का ऐलान किया गया है, जो काफी सराहनीय कदम है। महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है, महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जा रही है।

खुशबूराखी मिश्रा (पार्षद) जानकीपुरम वार्ड - द्वितीय

प्रो. रश्मि पांडेय
वर्ष-2021 बजट लोक कल्याणकारी, सर्वसमावेशी और 'आत्मनिर्भर भारत' की मंशा के अनुरूप है। बजट में किसान, मध्यम वर्ग, गरीब, महिलाओं समेत प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखा गया है। बजट के सभी प्रस्तावों पर 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' मंत्र का प्रभाव स्पष्ट दिखाई पड़ रहा है।

प्रो. रश्मि पांडेय (वरिष्ठ समाजसेविका)

लेफ्टिनेंट प्रतिमा शर्मा
बजट में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बहुत ही सराहनीय प्रयास किए गए हैं, जिसमें महिला हेल्प डेक्स अत्यंत ही सराहनीय कार्य है। सुमंगला योजना हो या सुपोषण योजना, तरह-तरह के पोषण अभियान जो शासन द्वारा चलाए जा रहे हैं वह निश्चित ही हम महिलाओं को एक सुदृढ़ता प्रदान करेंगे। मिशन शक्ति अभियान महाविद्यालय की छात्राओं के साथ-साथ आसपास के समाज में भी एक जागरूकता अभियान की तरह छात्राओं और बालिकाओं में शक्ति का संचार करता है। यह बजट हम महिलाओं, छात्राओं को सुरक्षा एवं उन्नति की एक नई दिशा प्रदान कर रहा हैं। 

लेफ्टिनेंट प्रतिमा शर्मा (एनसीसी प्रभारी)

नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज 

हेमलता त्रिपाठी
कोरोना महामारी से काफी हद तक राहत मिलने के बाद पेश किए गए बजट में लगभग सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनाने की योजना एक अच्छी पहल है। इससे बेटियां व महिलाएं सशक्त बनेंगी और उनको इन योजनाओं का भी लाभ मिलेगा।

हेमलता त्रिपाठी (वरिष्ठ समाजसेविका)

संघमित्रा
प्रदेश सरकार ने पेपरलेस बजट पेश कर अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल कायम की है। बजट की ख़ास बात यह है कि इसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। चाहे वो महिलाएं हो, छात्र हो या किसान। बच्चों की शिक्षा व खेल-कूद का भी ख्याल किया गया है।

संघमित्रा (शिक्षिका) केंद्रीय विद्यालय, एएमसी शाखा

शिप्रा चंद्रा
समाज के हर क्षेत्र में महिलाएं व बेटियां तरक्की कर रहीं है। आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। योगी सरकार द्वारा पेश किए बजट में महिलाओं का विशेष ख्याल रखा गया है और कई योजनाएं शुरू की गई हैं जो सराहनीय है। इससे महिलाएं सशक्त बनेगी। इसके अलावा शिक्षा सहित अन्य वर्गों को भी कई सौगातें मिली है।
शिप्रा चंद्रा (लोकगायिका)

पूनम सिंह 
बजट अत्यंत लोकल्याणकारी, समावेशी और विकासोन्मुखी प्रतीत हो रहा है। ये बजट देखकर उम्मीद लग रही है कि इस बार हर घर को नल एवं बिजली, गांवों को सड़कें व खेतों को पर्याप्त पानी की व्यवस्था मिलेगी। परन्तु हर बार की तरह इस बार भी युवा वर्ग के लिए नौकरी की कमी नज़र आ रही है। बजट पेश होने से पहले तो यही उम्मीद थी कि यह बजट हर तबके के लिए होगा लेकिन शायद सिर्फ किसानों और हवाई अड्डों के निर्माण तक ही सीमित होकर रह गया और हम जैसे युवा वर्ग की ओर ध्यान नहीं दिया गया। 

पूनम सिंह (शिक्षिका)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ