Pages

प्रदेश सरकार के बजट से व्यापारियों को मिली निराशा - संजय गुप्ता

लखनऊ। व्यापारियों को बजट से प्रदेश में ई कॉमर्स पॉलिसी, कमर्शियल हाउस टैक्स की दरों में कमी, बिजली की दरों में कमी एवं व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू किए जाने की आशा थी लेकिन प्रदेश सरकार के बजट से व्यापारियों को निराशा मिली। बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उक्त बातें उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दरों में वैट की दरें घटाकर प्रदेश सरकार व्यापारियों सहित आम जनता को राहत दे सकती थी, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अच्छा मौका खो दिया। 

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के तत्वावधान में सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों ने सप्रू मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट में बजट का सजीव प्रसारण देखते हुए बजट पर चर्चा की। बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहाकि प्रदेश सरकार के बजट में प्रदेश के व्यापारियों को कुछ भी नहीं मिला। प्रदेश के व्यापारियों को विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों से प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रदेश में ई कॉमर्स की पॉलिसी की आवश्यकता थी और उसकी घोषणा होने की उम्मीद थी। चुनाव के दृष्टिगत व्यापारियों को कमर्शियल हाउस टैक्स की दरों में कमी व स्वास्थ्य बीमा योजना की भी आशा थी लेकिन बजट में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। 


हालांकि अनेक ज़िलों में मेट्रो योजना शुरू करने, ओडीओपी में 250cr की व्यवस्था रखने, चिकित्सा, शिक्षा के क्षेत्र में काम करने हेतु बजट की व्यवस्था के लिए आदर्श व्यापार मंडल ने संतोष व्यक्त किया। बजट चर्चा कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, ओमप्रकाश सांवरिया, लखनऊ अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, ट्रांसगोमती चेयरमैन अशोक यादव, लखनऊ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, लखनऊ उपाध्यक्ष मनीष जैन, मोहम्मद आदिल, विनय गांधी, प्रवीण मिश्रा, अजय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ