Pages

अनुग्रह सूची से नगर निगम मृत कर्मियों के नाम गायब, कर्मचारी नेताओं में आक्रोश, मेयर को लिखा पत्र

लखनऊ। कोरोना संक्रमण से नगर निगम के मृतक कर्मचारियों के नाम प्रदेश सरकार से मिलने वाली अनुग्रह राशि की सूची में शामिल न किये जाने पर कर्मचारी संघ ने नाराजगी जताई है। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आनंद वर्मा ने महापौर संयुक्ता भाटिया को पत्र लिख कर सभी मृतक कर्मचारियों का नाम अनुग्रह सूची में शामिल किए जाने की मांग की है । अपने पत्र में उन्होंने लिखा है कि अब तक 45 कर्मचारी लगातार एक वर्ष से अपनी जान को जोखिम मे डालकर सेवाएं देते हुए शहीद हो गये हैं। परन्तु सभी शहीद कोरोना योद्धाओं का नाम अनुग्रह सूची मे नगर निगम प्रशासन की ओर से न सम्मलित किये जाने के कारण परिवारजनों को अनुग्रह धनराशि नहीं मिल पायेगी। 

उन्होंने कहा कर्मचारियों की कोरोना जांच कराई ही नहीं गई है जो कर्मचारी बीमार हुए उन्हें अस्पताल मे उपचार भी नही मिल पाया। बीमारी के दौरान कर्मचारी का पोस्टमार्टम भी नही किया गया। ऐसी स्थिति मे शहीद कोरोना योद्धाओं के परिवारजनों से प्रशासन की ओर से यह प्रमाण मांगा जाना कि उनकी मौत कोरोना से हुई है। यह अत्यंत ही दुखद एवं खेद का विषय होने के साथ ही मानवता से परे है। मांग की है की सभी 45 शहीद कर्मचारियों का नाम अनुग्रह सूची मे सम्मलित करने के सम्बंध में सम्बंधित को तत्काल निर्देशित करने का कष्ट करें। ताकि सभी शहीद कर्मचारी के परिवारजनों को सरकार से घोषित अनुग्रह धनराशि का लाभ मिल सके। 

कैम्प लगाकर वैक्सीन लगाने की मांग 

नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को पत्र लिख निगम कर्मचारियों के लिए भी कैम्प लगाकर अधिकारियों व कर्मचारियों को कोविड संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लगाए जाने की मांग की है। संयुक्त मोर्चा के संयोजक चंद्र प्रकाश अग्निहोत्री की ओर से लिखे गए पत्र में मांग की गई है कि कोरोना संक्रमण से बचाव में नगर निगम कर्मचारी सबसे आगे है। बीते एक साल में कई कर्मचारी अपनी जान भी गवां चुके हैं लेकिन अभी तक कर्मचारियों की वैक्सीनेशन कराने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। कर्मचारी संघ बीते काफी समय से निगम कर्मचारियों के लिए अलग से सुविधा दिए जाने की मांग कर रहा है। वैक्सीनेशन कार्य न होने से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। मांग की है कि जल्द से जल्द निगम कार्यालय में कैम्प लगाकर समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों के वैक्सीन लगाने का कार्य शुरू कराया जाए।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ