Pages

ऊर्जा क्षेत्र के सेवा संगठनों के महान नेता रहे रामानुज ओझा का निधन

  • उप्र ऊर्जा क्षेत्र के कोने कोने में शोक का लहर व्याप्त
  • ऊर्जा मन्त्री पं श्रीकांत शर्मा एवं शुभचिंतकों ने व्यक्त की शोक संवेदना

लख़नऊ। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन उप्र के केंद्रीय संरक्षक/मार्गदर्शक,अत्यन्त विद्वान, कर्मयोगी एवं प्रखर वक्ता एवं ऊर्जा निगमों के अत्यंत वरिष्ठ नेता रहे 80 वर्षीय रामानुज ओझा का बुधवार प्रात: करीब 4:43 बजे असामयिक निधन हो गया। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन केंद्रीय प्रचार सचिव इं. अरविंद झा के मुताबिक दिवंगत रामानुज ओझा कोरोना संक्रमित हुए थे और एक सप्ताह पूर्व उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उनके निधन से संगठन ने अपना एक महान नेता खो दिया है। वही ऊर्जा क्षेत्र में ऊर्जा प्रबन्धन से बेहतर समन्वय स्थापना करने, समस्त सेवा संगठनों के मध्य बन्धुत्व भाव का बेहतर सम्बंध स्थापित करने वाले एक महान सेतु स्थापक का निधन होने से उप्र ऊर्जा क्षेत्र की अपूरणीय क्षति हुई है। उनके असामयिक निधन से पूरा संगठन परिवार एवं ऊर्जा परिवार स्तब्ध है और उप्र ऊर्जा क्षेत्र के कोने-कोने में शोक का लहर व्याप्त है।


उनके निधन पर उप्र सरकार के ऊर्जा मन्त्री श्रीकांत शर्मा, उप्र ऊर्जा निगम के अध्यक्ष एम. देवराज(IAS), संगठन के संरक्षक सतनाम सिंह, एसबी सिंह, सुरेश चन्द्र सिंह (पूर्व केन्द्रीय अध्यक्ष,राविपजूइंसं), आरके त्रिवेदी (अध्यक्ष, अखिल भारतीय पावर डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ), एसएम सिंह (पूर्व केन्द्रीय अध्यक्ष, राविप जूइं संगठन), कप्तान सिंह (पूर्व केन्द्रीय महासचिव, राविपजूइं संगठन), विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति उप्र के संयोजक शेलेंद्र दुबे, उप्रराविप अभियन्ता संघ के महासचिव इं प्रभात सिंह एवं अन्य विभिन्न सेवा संगठनों के प्रतिनिधियो ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुये उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित की। संगठन के केन्द्रीय अध्यक्ष इं. जीवी पटेल एवं केन्द्रीय महासचिव इं. जय प्रकाश ने उनके पुण्य आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुये "संगठन रत्न श्री ओझा जी के पार्थिव शरीर पर संगठन के प्रतीक बैनर को समर्पित कर पुष्प अर्पित किये।" कोविड प्रोटोकॉल की जारी गाईडलाईन्स के पालन करने के कारण उनके अंतिम यात्रा में अधिक सदस्यो का प्रतिभाग किया जाना सम्भव नही रहा। ऐसी स्थिति में अंत्येष्टि में उनके परिवारजनो के साथ राविपजूइं संगठन के पंच प्रतिनिधि इं. जी.वी. पटेल (केन्द्रीय अध्यक्ष), इं. जय प्रकाश (केंद्रीय महासचिव), इं. वरिंदर कुमार (पूर्व केन्द्रीय महासचिव), इं. अरविंद झा (केंद्रीय प्रचार सचिव) एवं इं. रत्नदीप मौर्या (महासचिव, जल विद्युत निगम) ने शामिल होकर अन्तिम विदाई दी। श्री ओझा का नाम संगठन एवं ऊर्जा क्षेत्र के इतिहास मे सदैव स्वर्णिम अक्षरो अंकित रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ