Pages

घरेलू कामगार महिलाओं को किया जागरूक

लखनऊ। विज्ञान फाउंडेशन द्वारा एक्शन एसोसिएशन के सहयोग से संचालित महिला कामगार हक अभियान कार्यक्रम के तहत अंतर्राष्ट्रीय घरेलू कामगार दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर जानकीपुरम अकबरनगर में सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य घरेलू कामगार दिवस के महत्व के बारे में समझ बनाना और कोविड-19 महामारी से बचाव हेतु जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान अकबरनगर में फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की तरफ से डॉ. अलका जैन ने उपस्थित प्रतिभागियों को कोविड से बचाव हेतु जानकारी देते हुए कहाकि सभी लोग मास्क अवश्य लगाएं, भीड़ भाड़ की जगह से बचें, 2 मीटर की दूरी बनाए रखें और इसके साथ-साथ इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि 16 जून को पूरी दुनिया में घरेलू कामगार दिवस मनाया जाता है इस दिन महिलाएं अपने हक व सामाजिक सुरक्षा के लिए एक मंच पर आकर बात करती हैं।

इसी क्रम में मिताश्री घोष ने कहाकि घरेलू महिलाओं की भूमिका अहम होती है क्योंकि तमाम लोगों के लिए घरों में भोजन बनाना, झाड़ू पोछा करना, बर्तन साफ करना ऐसे तमाम काम है जो सिर्फ घरेलू कामगार महिला के ऊपर थोप दिए जाते हैं। उसके बदले में सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी भी ऐसी महिलाओं को नहीं मिल पा रही है। विज्ञान फाउंडेशन से गुरु प्रसाद ने सरकार द्वारा संचालित आपदा राहत राशि योजना के बारे में बताया और असंगठित क्षेत्र सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के तहत पंजीयन के बारे में जानकारी दी। बैठक के दौरान जानकीपुरम में 25 महिलाएं और अकबरनगर में 26 घरेलू कामगार महिलाओं ने प्रतिभाग किया। जानकीपुरम में उषा कश्यप और अकबरनगर में साजिदा बानो का सहयोग सराहनीय रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ