Pages

मनकामेश्वर घाट उपवन में उपमुख्यमंत्री ने किया मां गोमती की प्रतिमा का अनावरण

बनारस की तरह 11 वेदियों से की गई देवी मां गोमती की आरती

पांच फिट ऊंची फाइबर प्रतिमा अपनी तरह की है अनोखी

पौराणिक आधार पर मादा घड़ियाल पर दर्शाया गया है मां गोमती देवी को

लखनऊ। आषाढ़ शुक्ल पक्ष माह की पूर्णिमा पर डालीगंज स्थित त्रेताकालीन प्रतिष्ठित शिव महाधाम मनकामेश्वर मठ-मंदिर और "नमोस्तुते माँ गोमती संस्थान" की ओर से आदिगंगा मां गोमती की महा आरती मनकामेश्वर मठ-मंदिर की श्रीमहन्त देव्यागिरि के सानिध्य में शुक्रवार को मनकामेश्वर उपवन घाट पर की गई। इस अवसर पर मनकामेश्वर घाट उपवन में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने मां गोमती की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने मनकामेश्वर मठ की ओर से किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा भी की। इस अवसर पर महापौर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद रहीं।

महिला संतों ने की आरती

बनारस की तरह 11 वेदियों से की गई देवी मां गोमती की आरती महंत देव्यागिरि की अगुवाई में की गई। आचार्य श्यामलेश ने मंत्रोचार किया वहीं महिला संतो ने आरती का दायित्व निभाया। इस अवसर पर पंखुड़ी, श्रुति, रिया, वैष्णव, ज्योति, नेहा, गुंजन, सोनाली, रीतू, ज्योति ने आरती की। सतरंगी कपड़ों से इन्द्रधनुषी सज्जा वाली वेदियों का दृश्य देखते ही बना। आरती में पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पूनम विष्ट ने सुंदर प्रस्तुतियां दी। इस प्रतिमा को कला महाविद्यालय के वरिष्ठ मूर्तिकार महेश कुमार गुप्ता ने एक माह में तैयार किया है। फाइबर की इस मूर्ति का स्वरूप अपने में विरला है क्यों कि इसे पौराणिक आधार पर तैयार किया गया है। इसमें मां गोमती देवी मादा घड़ियाल पर विराजमान है। शुक्रवार को प्रतिमा के पास पहाड़ों की मनोरम झांकी भी सजायी गई थी।

कोरोना से बच्चों के बचाव के लिए दीपदान

कोरोना की संभावित तीसरी खतरनाक लहर और बच्चों के लिए कोई वैक्सीन अभी तक न होने के कारण महंत देव्यागिरि ने मां गोमती देवी से बच्चों की रक्षा के लिए प्रार्थना की और दीपदान भी किया। इसके साथ ही उन्होंने मास्क और दो गज की दूरी को जरूरी बताया। उन्होंने व्यस्कों को वैक्सीन लगावाने के लिए प्रेरित किया। इस क्रम में शनिवार 24 जुलाई को मनकामेश्वर मठ मंदिर में महंत देव्यागिरि की अगुवाई में गुरु पूर्णिमा पर गुरुओं का पूजन किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ