Pages

महापौर ने शिव मंदिरों का किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश

लखनऊ। देवों के देव महादेव के आराधना का पावन माह सावन 25 जुलाई से शुरू हो रहा है और 26 जुलाई को पहला सोमवार पड़ेगा। ऐसे में शिव मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरणों में है। शुक्रवार को महापौर संयुक्ता भाटिया ने शहर के विभिन्न शिव मंदिरों का निरीक्षण किया। सावन मास में आम दिनों से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए आते है। जिसको ध्यान में रखते हुए महापौर संयुक्ता भाटिया ने बुद्धेश्वर महादेव मन्दिर, कोनेश्वर महादेव मन्दिर एवं मनकामेश्वर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में उचित साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन के निर्देश अधिकारियों को दिए। 

इस दौरान महापौर ने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना भी की।महापौर ने बताया कि सावन के महीने में भोले के भक्तों की संख्या शिव मंदिरों में अधिक बढ़ जाती है। महादेव के भक्तों को कोई दिक्कत ना हो और वह स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण में भोलेनाथ के दर्शन कर सके इसके लिए नगर निगम पूरी तरह से सजग और तैयार है। उन्होंने बताया कि सभी अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है कि मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन और मार्ग-प्रकाश का विशेष ध्यान दे। 

निरीक्षण के दौरान महापौर ने मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों से आग्रह किया कि कोरोना महामारी को देखते हुए कोविड प्रोटोकाल का विशेष ध्यान दिया जाए। मंदिर परिसर के अंदर एवं बाहर भीड़ ने इकट्ठा होने पाए। कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करवाया जाए जिससे कि भक्तो की सुरक्षा का भी ख्याल रखा जा सके। निरीक्षण के दौरान महापौर संग पूर्व पार्षद रणजीत सिंह, पार्षद अनुराग मिश्रा, पार्षद मिथिलेश चौहान, जोनल अधिकारी जोन-6 प्रज्ञा सिंह, जोनल अधिकारी जोन-3 राजेश सिंह, अधिशासी अभियंता सुधीर कन्नौजिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ