Pages

देश के भविष्य निर्माण का काम कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं - आनंदीबेन पटेल

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आईईटी में तीन दिवसीय आंगनबाड़ी प्रशिक्षण शिविर का किया उद्रघाटन 

बच्चों की प्रारम्भिक शिक्षा अतिमहत्वपूर्ण - राज्यपाल

विश्वविद्यालयों में भी गर्भ संस्कार का कोई पाठ्यक्रम होना चाहिए - आनंदीबेन पटेल

लखनऊ। नई शिक्षा नीति में बहुत बल है। इसमें चार वर्ष, चार से पांच व 5 से 6 वर्ष की शिक्षा आंगनबाड़ी केंद्र का भाग है। भारत का भविष्य बनाने के लिए नन्हे-मुन्नों को संस्कारित शिक्षा दी जानी चाहिए। बच्चे को 7 वर्ष तक जो सिखाया व पढ़ाया जाता है, उसका 80 फीसदी उनकी आदत में ढल जाता है। इसलिए प्रारंभिक शिक्षा अतिमहत्वपूर्ण है। बच्चे अपने घर में देखी, सुनी हुई चीजों व व्यवहार को लेकर आंगनबाड़ी में आते हैं। इसलिए आंगनबाड़ी को बच्चे के अंदर की कमियों को दूर कर उसी के अनुरूप बात, व्यवहार, पढ़ाई, खेल आदि क्रियाकलाप करें। उक्त बातें प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय लखनऊ में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग और विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित आंगनबाड़ी के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कहीं।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा पूरा आयोजन हो रहा है। आंगनबाड़ियों को जनशक्ति कैसे मिले, उसी पर यह कार्यक्रम हो रहा है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में पहले पांच साल में तीन साल आंगनबाड़ी के लिए हैं। बच्चा घर में जो भी गलत-सही कार्य करेगा, वह आंगनबाड़ी में भी करेगा। हमारे बच्चों में बेहतर और दोष क्या है इसका पता आंगनबाड़ी से ही चल सकता है और इसी आधार पर उनका भविष्य निखारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिशु शिक्षा गर्भाधान से लेकर सात साल तक होती है, ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका और बड़ी हो जाती है। 

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं हमारे देश के भविष्य का निर्माण करने का काम कर रही हैं, उनका सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी में बच्चों को उठने-बैठने, हाथ-पैर ऊपर-नीचे करने आदि का सलीका सिखाएं। खेल, खिलौना, प्रदर्शनी कीट आदि के माध्यम से भाषा, गणित, विज्ञान, रंगों, अंकों का ज्ञान कराएं। पर्यावरण, संयुक्त परिवार, राष्ट्रप्रेम, अच्छी सीख विषयक बाल कहानियां रोचक ढंग से सुनाएं। बच्चों के सुनने, पूछने व बोलने की सहभागिता कराएं, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला ग्राम प्रधान के साथ मिलकर कार्य करें। 

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में भी गर्भ संस्कार का कोई पाठ्यक्रम होना चाहिए ताकि हमारे युवा और युवतियां जागरूक हो सकें। उन्होंने कहा कि मां जब बीमार होगी तक बीमार बच्चे को ही जन्म देगी, ऐसे में हमें इस पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज 50 फीसदी महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी है, जो चिंता का विषय है।

देश में रोल मॉडल बनकर उभरे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं - स्वाती सिंह

महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने कहा कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश की जनता बहुत सौभाग्यशाली है कि उत्तर प्रदेश को ऐसी राज्यपाल मिली जो एक मार्गदर्शक भी हैं और एक मां की भूमिका में भी हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण उपयोगी होगा। कार्यकत्रियों से अपेक्षा भी है कि वह जैसे अपने बच्चों के साथ रहती हैं, उसी भावना के साथ आंगनबाड़ी के बच्चों के साथ भी करें। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1,88,982 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जहां 41 लाख से अधिक बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। ये बच्चे प्रारंभिक शिक्षा लेकर अपनी नींव मजबूत करके आगे आएंगे और देश का भविष्य उज्ज्वल करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का मॉडल पूरे देश मे रोल मॉडल बनकर उभरे और पूरा देश उस मॉडल पर चले।

बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जिज्ञासाओं का समाधान जरूरी - शिवकुमार

विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री शिवकुमार ने सनातन परम्परा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में प्राचीन काल से ही सोलह संस्कारों का वर्णन है, जो वैज्ञानिक रूप में जीवन की रचना के विकास के आयाम हैं। उन्होंने कहा कि शैशवकाल से ही बच्चे का भावनात्मक विकास शुरू होता है, जिसमें मां की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। इस अवस्था में बच्चों के अंदर जैसा बीजारोपण किया जायेगा, वैसा ही उनके जीवन का आधार होगा। उन्होंने कहा कि बच्चा अनुसरण से सीखता है और उसके अंदर जिज्ञासाएं उत्पन्न होती हैं। बच्चों की जिज्ञासाओं की समाधान होना ही चाहिए। इससे बच्चों की बुद्धि प्रखर होती है और वे मेधावी बनते हैं। जीवन के किसी भी क्षेत्र में वे सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ते हैं। उन्होने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए यह आवश्यक है कि उनके मन में उठने वाली सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया जाए। 

इससे पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती के समक्ष दीपप्रज्जवलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा विद्या भारती की अखिल भारतीय बालिका शिक्षा संयोजिका रेखा चूड़ासमा ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का परिचय विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय शिशु वाटिका प्रमुख विजय कुमार उपाध्याय ने और धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय सह प्रमुख शिशु वाटिका मीरा श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का संचालन अवध प्रांत की प्रांत प्रमुख संयोजिका हीरा सिंह ने किया। इस अवसर पर शिक्षक मार्गदर्शिका का विमोचन भी किया गया। इस कार्यक्रम में विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री शिवकुमार, अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचन्द्र, क्षेत्रीय प्रचार सौरभ मिश्रा, सह प्रचार प्रमुख भास्कर दूबे, शिशु वाटिका प्रमुख विजय उपाध्याय, बालिका शिक्षा प्रमुख उमाशंकर मिश्रा, एकेटीयू के कुलपति विनय कुमार पाठक, एकेटीयू के डायरेक्टर विनीत कंसल, एकेटीयू के रजिस्ट्रार प्रदीप बाजपेई, आईईटी के सभी शिक्षक गण बाल विकास एवं पुष्टाहार की प्रमुख सचिव वी हिकाली झिमोमी, विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार गरिमा यादव, निदेशक बाल विकास एवं पुष्टाहार डॉक्टर सारिका मोहन, अपर निदेशक प्रशासन डाक्टर विभा चहल,राज  पोषण मिशन निदेशक कपिल सिंह के साथ साथ जनपद लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेंद्र दुबे आदि उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ