Pages

पल्टन छावनी में बनेगा पिंक टॉयलेट, पार्षद रुपाली गुप्ता ने किया शिलान्यास

लखनऊ। बेटियों व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं। उनकी सुरक्षा के जहाँ जगह-जगह पिंक पुलिस बूथ बनाने के साथ ही पिंक स्कूटी व वाहनों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है वहीं राजधानी में नगर निगम द्वारा पिंक टॉयलेट भी बनाये जा रहे हैं। बाजारों में महिला दुकानदारों, कर्मचारियों व बाजार में आने वाली महिलाओं को शौचालय की उचित व्यवस्था न होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यही नहीं सुरक्षित जगह न होने के चलते अपने मासूम बच्चों को महिलाएं फीडिंग भी नहीं करा पाती हैं। ऐसे में महिलाओं को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए पिंक टॉयलेट बनाये जा रहे हैं। 

राजधानी में महिलाओं की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा बड़े पैमाने पर पिंक टॉयलेट बनाए जाने की तैयारी है और कई इलाकों में पिंक टॉयलेट बनाने का काम चल रहा है। बीते दिनों नगर आयुक्त ने इसके लिए सभी पार्षदों से अपने वार्ड में जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव मांगा था। प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों व अन्य व्यस्त स्थानों के साथ ही कालोनियों, मोहल्लों और अन्य छोटे बाजारों में भी खाली जगहों पर पिंक टॉयलेट बनाये जा रहे हैं। इसमें टॉयलेट के साथ-साथ महिलाओं के लिए फीडिंग सहित अन्य सुविधाएं भी रहेंगी और सेनेटरी नैपकिन मशीन भी लगाई जाएगी। 

इसी क्रम में भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड के अंतर्गत पल्टन छावनी में ताड़ीखाना रेलवे क्रॉसिंग के पास भी पिंक टॉयलेट बनेगा। जिसका शिलान्यास शनिवार को क्षेत्रीय पार्षद व लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य रुपाली गुप्ता ने पूजन व नारियल फोड़कर किया। उन्होंने बताया कि इसमें फीडिंग रूम भी बनेगा और सेनेटरी पैड मशीन भी लगेगी। करीब दो माह में पिंक टॉयलेट का निर्माण पूरा हो जाएगा। इससे ताड़ीखाना, सीतापुर रोड, राम-राम बैंक चौराहा सहित आसपास के बाजारों में आने वाली महिलाओं को काफी राहत मिलेगी। इस मौके पर एम्बेड के समन्वयक धर्मेंद्र त्रिपाठी, विज्ञान फाउंडेशन के गुरु प्रसाद व अमर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

पिंक टॉयलेट की विशेषता

पिंक टायलेट केवल महिलाओं की सुविधा के लिए होता है और मुश्किल के दिनों में यह काफी सहायक साबित होता है। बेटियों व महिलाओं के सुरक्षा की दृष्टि से पिंक टॉयलेट काफी सुरक्षित स्थान है। टायलेट में जहां सुरक्षा के साथ ही साफ सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है, वहीं सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई जाती है। इसके साथ ही फीडिंग रूम भी होता है। यदि किसी महिला के साथ कोई छोटा बच्चा हो तो बच्चे को सुरक्षित जगह पर रखने का स्थान होता है। इसमें महिला खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। प्रदेश सरकार की यह योजना महिलाओं को समर्पित है। इसे प्रयोग करते हुए महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस करेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ