Pages

व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश - योगी आदित्यनाथ

लखनऊ उत्तर विधानसभा में आयोजित हुआ भाजपा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन

लखनऊ। हमारे लिए व्यक्ति से बड़ा दल है और दल से बड़ा देश है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओ का एकमात्र लक्ष्य सत्ता प्राप्ति और शासन करना नहीं है। सेवा समर्पण का भाव ही इस पार्टी को सबसे अलग करता है। शनिवार को भाजपा लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में उक्त बातें बतौर मुख्य अतिथि मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहीं। उन्होंने कहाकि भाजपा जिन मूल्यों और आदर्शों को लेकर राजनीति में आई है, लगातार उन्हीं का पालन किया, जो हमारे का विषय होना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओ के भरपूर परिश्रम से ही हम देश और प्रदेश में जन कल्याण का शासन दे रहे हैं। 

उपस्थित प्रबुद्ध जनों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहाकि आप सभी समाज को सही दृष्टि और विचार प्रदान करते हैं और सही राह दिखाते हैं यह आपको तय करना है उत्तर प्रदेश में आपको दंगा युक्त और माफियाओं की सरकार चाहिए या राम राज्य की सरकार। उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध समाज सम्पूर्ण समाज का नेतृत्व करता है। उसकी राय, उसके चिंतन एवं उसके द्वारा दिए जाने वाले विचारों को समाज का एक बड़ा तबका अनुशरण करता है। उन्होंने प्रबुद्ध वर्गों के लोगों से अपील करते हुए कहा कि साढ़े चार साल दिए हैं अब शेष छह महीने हमें चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहाकि वैश्विक महामारी के दौरान हमारा कोरोना प्रबंधन बेहतरीन रहा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अमेरिका के मुकाबले में भारत का कोरोना प्रबंधन कहीं बेहतर रहा। जब हम 2017 में सरकार में आए तब प्रदेश के 75 जिलों में से मात्र 12 जिलों में मेडिकल कॉलेज थे और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अभाव था। अगर तब कोरोना महामारी आ गई होती तो प्रदेश की क्या हालत होती? उत्तर प्रदेश ने कोरोना प्रबंधन का मॉडल सेट किया और इतने कम समय में जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाएं। 

कांग्रेस का नाम लिए बगैर मुख्यमंत्री ने तंज किया कि इसके विपरीत देश में जब आपदा आती है तो एक पार्टी के लोग इटली भाग जाते हैं। देश से बाहर देश पर टिप्पणी करते हैं, देवी-देवताओं पर टिप्पणी करना, राम और कृष्ण को नकारना उनकी प्रवृत्ति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब कोई माफिया किसी सरकारी या गरीब की जमीन पर कब्जा नहीं कर पा रहा है। प्रयागराज में 100 एकड़ भूमि हमारे सुपुर्द की गई है और गुंडे व अपराधी पस्त हो चुके हैं। बीते साढ़े चार वर्षों में यूपी में एक भी दंगा नहीं हुआ है। जनता ने हमें समर्थन दिया और हमने उन्हें सुरक्षा दी। समाजवादी पार्टी पर तीखी टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहाकि एक वह भी समय था जब उत्तर प्रदेश बेहाल रहता था और सैफई में नाच-गाना होता रहता था। 

पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश द्वारा की गयी प्रगति की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले हम देश के राज्यों में छठवीं अर्थव्यवस्था थे लेकिन हम छलांग लगाकर दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने हैं। मुख्यमंत्री ने कहाकि ‘मेरे सीएम बनने के बाद दीपावली आई तो मैंने अयोध्या में दीपावली कैसी होती है, इसके लिए टीम भेजी। अधिकारी बोले कि अयोध्या जाएंगे तो बदनामी हो सकती है। मैंने कहा अयोध्या के लिए हम बदनामी भी सहने को तैयार हैं।’ उन्होंने कहाकि अब अयोध्या की दीप दीपावली देश के लिए एक आयोजन बन गया है। 500 वर्षों से जमी बर्फ कैसे पिघल गई। वहां मंदिर की नींव ऐसी बन रही है कि 1000 वर्ष तक उनकी नींव नहीं हिलेगी। यही नहीं लोग व अधिकारी कहते थे कि राम मंदिर पर फैसला आएगा ऐसा हो जाएगा, वैसा हो जाएगा।मैंने कहा कि देखना एक मच्छर भी नहीं मरेगा, मैं सब संभाल लूंगा और जब राम जन्मभूमि का फैसला आया तो उस दिन प्रदेश में राम राज्य था। 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहाकि हमें गर्व होना चाहिए कि अयोध्या, मथुरा, काशी व गंगा, यमुना और सरस्वती, त्रिवेणी का संगम, प्रयागराज उत्तर प्रदेश में है। हमें इन आस्था केन्द्रों पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों के साथ संवाद स्थापित किया जो आजादी के बाद से अधूरा था।

लखनऊ उत्तर विधानसभा में चिकित्सा से लेकर शिक्षा के क्षेत्र में हुआ बहुत कार्य - डॉ. नीरज बोरा

क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में 19 सितंबर को उत्तर प्रदेश सरकार के साढ़े चार वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और इसमें कोई संदेह नहीं कि इन वर्षों में किए गए कार्यों के आधार पर उत्तर प्रदेश अब देश के अग्रणी प्रदेशों में स्थान बना चुका है। सरकार द्वारा कई जन कल्याणकारी योजनायें चलायी जा रही हैं। लखनऊ उत्तर विधानसभा के लिए भी मुख्यमंत्री ने अनेकों विकास कार्य स्वीकृत किए। लखनऊ उत्तर विधानसभा में चिकित्सा से लेकर शिक्षा के क्षेत्र में बहुत कार्य हुआ है। 100 बेड के अस्पताल से लेकर मोहल्ला मोहल्ला क्लिनिक खोलने का कार्य मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किया गया। वहीं समुचित विद्युत आपूर्ति हेतु लखनऊ उत्तर में 3 नये बिजली घर बनाये गये। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लखनऊ उत्तर विधानसभा में आईआईएम से लेकर इकाना स्टेडियम तक 6 लेन रोड की सौगात दी।

महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहाकि आज मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की राह पर चलते हुए पूरे देश में उत्तम प्रदेश के नाम से पहचाना जा रहा है। इस अवसर पर लखनऊ प्रभारी गोविंद नरायन शुक्ला, नगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कार्यक्रम संयोजक पवन धवन, वरिष्ठ समाजसेविका बिंदू बोरा, पार्षद रुपाली गुप्ता, प्रदीप शुक्ला, राघवराम तिवारी, अमित मौर्या, पृथ्वी गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह तोमर, नगर मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग, कार्यसमिति सदस्य दीपक मिश्रा, मंडल अध्यक्ष लवकुश त्रिवेदी, राकेश पाण्डेय के अलावा मानवी द्विवेदी, सतीश वर्मा, आशीष गुप्ता, कुशाग्र वर्मा, राम किशोर लोधी, धनराज मिश्रा, भगवती भंडारी सहित शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, व्यवसायी, प्रोफेसर और विभिन्न समाज व कार्यक्षेत्र से आये प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ