Pages

भाजपा लखनऊ महानगर की बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

लखनऊ। भाजपा लखनऊ महानगर कार्यालय पर बुधवार को महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को वृहद स्तर पर किए जाने के संबंध में चर्चा हुई। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक, महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री स्वाति सिंह, कैंट विधायक सुरेश चंद तिवारी के साथ पार्टी के आगामी कार्यकर्मों पर चर्चा हुई। 24 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर बूथ समिति कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्येक बूथ पर आयोजित किया जाना है, साथ ही बूथ समिति व पन्ना प्रमुखों की बैठक भी आयोजित की जाएगी। 

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक हर ब्लॉक में गरीब कल्याण मेले का आयोजन किया जाएगा। जबकि 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता व पदाधिकारी द्वारा घर-घर जाकर अभियान चलाया जाएगा। 2 अक्टूबर को मंडल स्तर पर स्वच्छता का अभियान चलाया जाएगा। जिसके अंतर्गत पॉलिथीन मुक्त भारत की शपथ लेते हुए वृहद स्तर पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देने हेतु वोकल फ़ॉर लोकल कार्यक्रम के तहत तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। लखनऊ महानगर बुनकर एवं कारीगर तथा श्रमिक प्रकोष्ठ द्वारा शिल्पकार एवं कारीगरों द्वारा प्रोत्साहन एवं खादी के प्रयोग हेतु संकल्प दिलाया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि इस वर्ष देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है जिसके अंतर्गत गांधीजी के संकल्प सिद्धांत एवं उनके व्यक्तित्व के बारे में भी जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त "आत्मनिर्भर भारत विषय" पर जिला स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन भी महानगर प्रकोष्ठों द्वारा किया जाना निश्चित किया गया। मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, महानगर महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी, पुष्कर शुक्ला व रामअवतार कनौजिया भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ