Pages

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने घर-घर दी दस्तक, किया संवाद

लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को शीतला पुरम के आलमनगर बी शक्ति केंद्र क्षेत्र में लोगों से घर-घर पहुंचकर व्यक्तिगत रूप से संपर्क व संवाद किया और सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों का पत्रक वितरित किया। इस अभियान में महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा भी उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने हर किसी को केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताईं। 

इससे पहले उन्होंने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के आलमनगर वार्ड के बूथ संख्या 79 पर बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों की बैठक की और कार्यकर्ताओं को बताया कि वह हर घर जाकर भाजपा की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दें। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहाकि सभी कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी बाजपेई ने ऐसे कार्यकर्ताओं को खड़ा किया जो रात दिन परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए राष्ट्रहित के कार्यों में लगे रहते हैं। ऐसे कार्यकर्ता खड़े होते हैं तो मंदिर का निर्माण होता है, धारा 370 हटती है, भारत माता की जय जय कार पूरे विश्व में होती है। हम आप जैसे कार्यकर्ताओं को पाकर धन्य है जो दीनदयाल उपाध्याय की पार्टी के सदस्य हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आपका नेता जिसने गरीब परिवार में जन्म लिया था स्टेशन पर चाय बेचता था वह नौजवान दुनिया के 105 देशों को एक बार नहीं चार चार बार संबोधित किया है। उसने सवा सौ करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया है यह कोई छोटी मोटी बात नहीं है। इस पार्टी में बूथ का कार्यकर्ता तपस्या करके बूथ अध्यक्ष होते हुए पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बन सकता है। कार्यकर्ता को इस पार्टी में मजबूत बनाया जाता है जो तपस्या करके आगे बढ़े और पार्टी का नेतृत्व करें। 

मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि बैठक से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का लोकप्रिय मन की बात कार्यक्रम भी सुना। बैठक में नगर महामंत्री सुनील यादव, मंडल अध्यक्ष अरविंद मिश्रा, मंडल महामंत्री राजवीर सिंह, शिवेंद्र सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक अरविंद सिंह, वार्ड अध्यक्ष संजीव सिंह, बूथ अध्यक्ष नागेंद्र सिंह बूथ समिति के सदस्य व पन्ना प्रमुख शामिल हुए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ