लखनऊ। हजरतगंज, गोमतीनगर, अलीगंज, जानकीपुरम, फैजुल्लागंज हो राजधानी को कोई और इलाका। राजधानी में बारिश ने हर तरफ अपना कहर बरपाया। मुख्य मार्गों सहित मोहल्ले की गलियों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। गोमती नदी के किनारे बसे फैजुल्लागंज क्षेत्र में भी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घरों के अन्दर तक पानी भरने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात का जायजा लेने क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा शुक्रवार को प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान जरुरतमंदों को खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई गई। विधायक ने बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने साथ में मौजूद उपजिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी को पूरे इलाके में हर सम्भव मदद के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहाकि तत्काल ही बाढ़ ग्रस्त इलाके में समुचित चिकित्सीय सुविधाएं मुहैया करायी जाएं। लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाके से सुरक्षित निकालने के लिए नाव की व्यवस्था की जाए। विधायक डा. नीरज बोरा ने मौके पर मौजूद अपर नगर आयुक्त अजय पाण्डेय से कहाकि बाढ़ग्रस्त इलाकों में अस्थायी नाला बनाकर बाढ़ का पानी जल्द से जल्द निकालने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ समाजसेविका बिंदु बोरा, उपजिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त अजय पाण्डेय, जोन-3 की जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट सहित अन्य अधिकारी व स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ