Pages

महापौर जी, मुख्य मार्ग पर कूड़ा डंप कर रहा हैं नगर निगम

लखनऊ। राजधानी को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिये कवायद की जा रही है। विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। महापौर संयुक्ता भाटिया व नगर आयुक्त अजय द्विवेदी लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। गंदगी मिलने पर कई कार्यदायी संस्थाओं व नगर निगम के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्यवाही भी की गई है। बावजूद उसके जिम्मेदार स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहे हैं। हाल यह है कि नगर निगम के सफाईकर्मियों ने ही जगह-जगह डंपिंग प्वाइंट बना दिया है और कूड़ा डंप कर रहे हैं।

नगर निगम जोन-3 में भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड के अंतर्गत सेक्टर-"ई" सीतापुर रोड योजना में नगर निगम द्वारा वाहनों से मुख्य मार्ग पर कूड़ा डाला जा रहा है। जिससे लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। यह हाल तब है जब डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों का कहर है। इस संबंध में पूर्व पार्षद बृज किशोर पाण्डेय ने नगर विकासमंत्री, महापौर व संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर मुख्य मार्ग पर सफाई करवाने व कूड़ा डंपिंग को रोकने की मांग की है।

गौरतलब है कि भारतेन्दु हरिश्चंद्र वार्ड के पल्टन छावनी में कूड़ा निस्तारण के लिए लगे कॉम्पेक्टर के पास भी मुख्य मार्ग पर कूड़ा डंप किया जा रहा था। बीते 19 सितंबर को औचक निरीक्षण करने पहुंची महापौर संयुक्ता भाटिया ने वहां भीषण गंदगी देख नाराजगी जाहिर की थी और पुनः ऐसा मिलने पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी थी। जिसके बाद वहां काफी सुधार हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ