Pages

पं. दीनदयाल ने बिना भाषण दिये लाखों कार्यकर्ताओं का किया मार्गदर्शन - राधा मोहन सिंह

लखनऊ। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि दीनदयाल जी कहा करते थे कि आप समाज की चिंता करोगे तो समाज आपकी चिंता करेगा। समाज अपने पास कुछ नहीं रखता है। उन्होंने समाज की तुलना मां से करते हुए कहा था जब कोई बेटा अपनी कमाई मां को लाकर देता है तो माँ स्वंय न खाकर बेटे को ही खिलाती है। इसी तरह से समाज अपने पास कुछ भी नहीं रखते हुए हमको देता है, व्यक्ति को समाज से जोड़ने के लिए इससे बेहतर उदाहरण क्या हो सकता है।

उन्होंने कहा कि पंडित जी के पूरे चिंतन में गरीब उनके केंद्र बिंदु में था। उनका मानना था कि गांव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित और वंचित ही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं के केंद्र में होने चाहिए और इन सभी का कल्याण हमारे मन में होना चाहिए, तभी जाकर हम देश में परिवर्तन ला सकते हैं। पंडित दीनदयाल जी ने बिना भाषण दिये लाखों कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने का काम किया। संगठन, आंतरिक लोकतंत्र, "सबसे पहले देश, उसके बाद पार्टी, अंत में मैं" जैसी सिद्धांतों की राजनीति की जो घुटी दीनदयाल जी ने जनसंघ के कार्यकर्ताओं को पिलाई। वह आज भी भाजपा के कार्यकर्ताओं को संस्कारित कर रही है। 

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पित योगदान से संघर्ष के दौर से निकलकर भाजपा आज सत्ता के शिखर पर है। आज पारदर्शिता, सुशासन, जन जवाबदेही में भाजपा नेतृत्व की केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। पंडित दीनदयाल जी के दर्शन अर्थात समाज के अंतिम व्यक्ति जैसे गरीबों, किसानों, नौजवानों, माताओं, बहनों के जीवन में एक आशा की किरण बनकर मोदी और योगी काम कर रहे हैं। पंडित दीनदयाल जी के आदर्शो से प्रेरित योगी- मोदी सरकार आज देश व प्रदेश को शक्तिशाली स्वाभिमानी एवं समृद्धशाली बनाने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी वाजपेई ने ऐसे कार्यकर्ता को खड़ा किया जो रात दिन परिश्रम की पराकाष्ठा करते हैं। महत्वपूर्ण दायित्व पर होते हुए भी मीडिया से दूर, पुष्पगुच्छ से दूर, समर्पित मंच मिला तो भी कुर्सी नहीं मिले तो भी राष्ट्र सेवा में लगे रहते है। हमारे राज्य के प्रभारी के रूप में राधा मोहन सिंह इसी प्रकार के कार्यकर्ता हैं। ऐसे कार्यकर्ता को देखकर लगता है कि भारतीय जनता पार्टी किस प्रकार के कार्यकर्ताओं की पार्टी है।

 उन्होंने कहा कि श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने गरीब परिवार में जन्म लेकर संघर्ष करते हुए शिक्षा दीक्षा प्राप्त करते हुए पढ़ाई पूरी करने के बाद संघ के प्रचारक के रूप में फिर जनसंघ की नीव रखी व पंडित दीनदयाल जी जैसे कार्यकर्ता की पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी सोच क्या थी ऐसे कार्यकर्ता का निर्माण करना जो राष्ट्र के लिए गरीब के लिए समर्पित हो। ऐसा भारत जो विश्व गुरु बने और दुनिया में नाम हो और अंतिम व्यक्ति को राजनीति में आर्थिक जगत में सामाजिक जगत में सम्मान मिले, न्याय मिले, स्थान मिले इसके लिए पार्टी की नींव रखी है, वंशवाद के लिए नहीं परिवारवाद के लिए नहीं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में जनसंघ की स्थापना की और 1953 में उनका देहांत हो गया। उनका सपना था इस राष्ट्र के अंदर एक संविधान में एक प्रधानमंत्री और एक निशान हो। उनकी मृत्यु के बाद दीनदयाल जी के कंधों पर जिम्मेदारी आई और संघर्ष करते हुए पंडित जी ने ऐसे कार्यकर्ताओं को खड़ा किया जो राष्ट्र का निर्माण कर सके। पंडित दीनदयाल जी विदेश नीति शिक्षा नीति आर्थिक नीतियों पर चर्चा करके प्रस्ताव पास किया  राष्ट्रवाद क्या है मानवता क्या है जो लिख कर गए हैं उसी प्रकार भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान बाद दीनदयाल जी 1964 में मुगलसराय स्टेशन पर उनकी हत्या कर दी। अटलबिहारी वाजपेई जी देखने गए उन्होंने कहा कि सूर्य ढल गया,अंधेरा छा गया है। इसके बाद अटल जी ने भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की अटल जी ने कहा था कि अंधेरा छटेगा और कमल खिलेगा अटल बिहारी वाजपेई जी ने सरकार बनाई जो 13 दिन में गिरा दी गई।

उन्होंने कहा कि अटल जी पर सभी विपक्षी पार्टियों ने आरोप लगाया कि अटलजी सांप्रदायिक हैं पंडित दीनदयाल जी ने कहा था जनसंघ कभी भी सांप्रदायिक नही हो सकता है। हमने राष्ट्रवाद के लिए पार्टी खड़ी की है और अटल जी के ऊपर आरोप लगते है कि अटल जी सांप्रदायिक है। वंदे मातरम का नारा लगाना सांप्रदायिक है, जयश्री राम कहना संप्रदाय 370 धारा को हटाना सांप्रदायिक है, मंदिर का निर्माण करना संप्रदायिक हिंदू अपने को कहना सांप्रदायिक है? पंक्ति में अंतिम व्यक्ति की खुशहाली के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास ,शौचालय, आयुष्मान 500000  लोगों का कार्ड, गैस का कनेक्शन बिजली का कनेक्शन बैंक में खाता जबकि पहले सभी सम्मान पदों पर रहने वाले लोगो का गैस कनेक्शन होता था उनका बैंक अकाउंट होता था। नरेंद्र मोदी ने कहा कि ना खाएंगे ना खाने देंगे ना सोएंगे ना सोने देंगे। उन्होंने गरीबी को देखा है। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेतृत्व में यूपी सरकार ने 4.5 वर्ष पूरे किए परंतु मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के एक सदस्य को भी सरकारी गाड़ी नहीं दी। आज गुंडागर्दी क्या है सभी देख रहे है। गुंडई अगर राज्य में बंद हो जाए तो वह राज्य विकास के पथ पर आगे बढ़ता है और निवेश होता है। उन्होंने कहा कि आज राज्य के अंदर कोई भ्रष्टाचार नहीं कर सकता है आपके पास एक ईमानदार नेतृत्व है। सपा बसपा कांग्रेस मुस्लिम तुष्टिकरण करती है पर भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विश्वास से चलती हैं। पंडित दीनदयाल जी के द्वारा बनाए गए आदर्शों पर चलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने गरीबों को पक्का मकान देने का काम किया है। भारतीय जनता पार्टी में बूथ अध्यक्ष भी देश का गृहमंत्री बन सकता है। 

मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि पुष्पांजलि कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक, नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन, मंत्री स्वाति सिंह, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, महापौर संयुक्ता भाटिया, लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, कैंट विधायक सुरेश चंद्र तिवारी ने भी दीनदयाल स्मृतिका वाटिका चारबाग में पुष्पांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में आए वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ