Pages

उप्र आदर्श व्यापार मंडल की सराहनीय पहल : इस प्रतिष्ठित हॉस्पिटल में व्यापारियों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा

स्वस्थ शरीर मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है - संजय गुप्ता

लखनऊ। व्यापारियों के कारोबार के सफल संचालन में सहयोग करने के साथ ही उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए उप्र आदर्श व्यापार मंडल ने सराहनीय पहल की है। इसके लिए संगठन व मेदांता हॉस्पिटल के बीच करार हुआ है। सोमवार को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित मेदांता हॉस्पिटल परिसर में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल एवं मेदांता के मध्य एक एमओयू हस्ताक्षरित हुआ। मेदांता की ओर से निदेशक डॉ. राकेश कपूर एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की ओर से संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता द्वारा एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

उन्होंने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया व्यापारियों के स्वास्थ्य की रक्षा हेतु आदर्श व्यापार मंडल और मेदांता के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में उच्च स्तरीय निशुल्क जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिसमें व्यापारियों की निशुल्क जांच होगी और मेदांता के वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा व्यापारियों को चिकित्सीय सलाह दी जाएगी। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ चिकित्सकों के पैनल द्वारा हेल्थ सेमिनार के आयोजन होंगे जिसमें व्यापारियों को बेहतर स्वास्थ्य व बीमारियों से बचने के टिप्स दिए जाएंगे एवं जागरूक किया जाएगा। रोग ग्रसित व्यापारियों को सलाह दी जाएगी एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के सदस्यों को मेदांता अस्पताल मे प्लैटिनियम डेस्क के माध्यम से प्राथमिकता से इलाज दिया जाएगा। 

● व्यापारियों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल एवं मेदांता हॉस्पिटल ने मिलाया हाथ

● मेदांता और आदर्श व्यापार मंडल के मध्य एमओयू साइन हुआ

● मेदांता के निदेशक डॉ. राकेश कपूर एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने एमओयू पर किये हस्ताक्षर

● प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापारियों के लिए मेदांता और आदर्श व्यापार मंडल द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे 

● प्रदेश के विभिन्न जिलों में हेल्थ सेमिनार एवं कम्युनिटी लेक्चर आयोजित किए जाएंगे

● सेमिनार में वरिष्ठ चिकित्सक व्यापारियों को देंगे स्वस्थ रहने के टिप्स

● मेदांता द्वारा आदर्श व्यापार मंडल के सदस्यों को जारी किए जाएंगे प्रिविलेज कार्ड

डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के सदस्यों को हेल्थ कार्ड एवं प्रिविलेज कार्ड भी जारी किए जाएंगे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहाकि जागरूकता ही बचाव है। व्यापारी समाज अपनी व्यस्तताओ के कारण अपने स्वास्थ्य पर समुचित ध्यान नहीं दे पाता है। परिणाम स्वरूप उम्र बढ़ने के साथ-साथ अनेक रोगों से भी ग्रसित हो जाता है।  अतः समय रहते सभी को अपने स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहाकि जीवन की सबसे अनमोल पूंजी स्वास्थ्य ही है इसलिए इस पूंजी को समय रहते संभालना अति आवश्यक है। 

मेदांता के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने कहाकि यह मेदांता का सौभाग्य है कि हमें अपने व्यापारी भाइयों की सेहत संबंधी सेवा करने का मौका मिल रहा है। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के साथ एमओयू साइन करके हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। निश्चित रूप से दोनों संस्थाओं के सहयोग से व्यापारियों एवं उनके परिजनों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह,  ट्रांसगोमती प्रभारी मनीष पांडे, ट्रांसगोमती चेयरमैन अशोक यादव, ट्रांसगोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर उपाध्यक्ष मनीष जैन, नगर उपाध्यक्ष सलीम अहमद, ट्रांसगोमती उपाध्यक्ष प्रवीण मिश्रा मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ