Pages

वोवीनाम मार्शल आर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने खेलमंत्री से की मुलाकात

लखनऊ। भारत सरकार के खेलकूद, युवा कल्याण और सूचना एवं प्रसारण विभाग के मंत्री अनुराग ठाकुर के लखनऊ आगमन पर वोवीनाम मार्शल आर्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव एवं कलारीपयट्टू एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के सीईओ प्रवीण गर्ग ने प्रतिनिधिमंडल के साथ शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान खेलों के विकास पर और वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया को मान्यता प्रदान किए जाने के संबंध में खेल मंत्रालय से चल रहे पत्राचार के संबंध में भी चर्चा हुई। विगत माह दिल्ली में भी खेलमंत्री अनुराग ठाकुर से उनके आवास पर भेंट कर इस संबंध में पत्र प्रदान किया गया था।

खेल मंत्रालय द्वारा चार स्वदेशी खेलों को आगामी खेलो इंडिया में सम्मिलित किए जाने हेतु भी खेल मंत्री का धन्यवाद व आभार प्रकट किया। सम्मिलित खेलों में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार से मान्यता प्राप्त केरला की प्राचीनतम मार्शल आर्ट कलारीपयट्टू भी शामिल है। हाल ही में ऑनलाइन राष्ट्रीय कलारीपयट्टू चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों में रितिक सिंह ने एक स्वर्ण, अंकित चौधरी व रितिक सिंह ने रजत और निशा भार्गव, अमित कुमार ने कांस्य पदक पदक प्राप्त किए हैं। प्रदर्शन के आधार पर आशा है कि आगामी खेलो इंडिया में पदक प्राप्त कर खिलाड़ी उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर अनुराग ठाकुर ने शुभकामनाएं प्रदान की। 

प्रवीण गर्ग ने बताया कि वोवीनाम वियतनामी मार्शल आर्ट है और आगामी 2022 में भारत और वियतनाम देश के राजनैतिक संबंधों के 50 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं जिस पर दोनों देशों की सरकारों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दोनों देशों के पारस्परिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करने के संदर्भ में वोवीनाम एसोसिएशन द्वारा भी केंद्रीय खेल मंत्रालय एवं संस्कृति मंत्रालय को इस अवसर पर "कंट्री कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम" आयोजन करने के लिए प्रस्ताव दिया जा चुका है। जिसके अंतर्गत लखनऊ में भी 1,000 से अधिक खिलाड़ी एक साथ वियतनामी मार्शल आर्ट का प्रदर्शन करेंगे जिसमें कई केंद्रीय मंत्री सहित वियतनाम राजदूत के सम्मिलित होने की योजना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ