Pages

कूड़ा निस्तारण के बजाय वेस्ट मैटेरियल धो रहे इकोग्रीन के बिना नंबर वाहन को पार्षद ने पकड़ा और फिर...

लखनऊ। राजधानी में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है और हर घर से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन भी नहीं हो रहा है। बीते दिनों औचक निरीक्षणों में महापौर संयुक्ता भाटिया व नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने खामियां मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई थी। यही नहीं जिम्मेदार इकोग्रीन कंपनी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए जुर्माना भी लगाया गया था। लेकिन महापौर व नगर आयुक्त के सख्त निर्देशों के बावजूद इकोग्रीन के जिम्मेदारों में कोई सुधार नहीं आया है। हाल यह है कि जिन कर्मचारियों की ड्यूटी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में लगाई गई है वो कूड़ा कलेक्शन के बजाय कबाड़ धो रहे है।

यहीं नहीं पॉलिथीन सहित अन्य वेस्ट मैटेरियल को कॉम्पेक्टर में निस्तारित करने के बजाय इकोग्रीन के कर्मचारी कबाड़ की दुकानों पर बेच रहे हैं। रविवार दोपहर नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य व भारतेन्दु हरिश्चन्द्र वार्ड की पार्षद रुपाली गुप्ता ने पॉलिथीन सहित अन्य कबाड़ बेचने के लिए सेक्टर-ई सीतापुर रोड योजना में कबाड़ी की दुकान पर पहुंची जानकीपुरम वार्ड-द्वितीय की बिना नंबर कूड़ा गाड़ी को मौके पर पकड़ा। पूछताछ करने पर कर्मचारी ने गोलमोल जवाब दिया। पार्षद ने तत्काल महापौर सहित जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। 

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे इकोग्रीन जोन-तीन के जोनल इंचार्ज विनय सिंह ने कर्मचारी को जमकर फटकार लगाई और पुनः ऐसा करने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी। पार्षद रुपाली गुप्ता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नियमित डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं होने से स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इकोग्रीन के कर्मचारी कबाड़ का व्यवसाय कर रहें है। यही नहीं इकोग्रीन के वाहन बिना नंबर के फर्राटा भर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ