Pages

फूलों की होली व कथक नृत्य के नाम रही भारत महोत्सव की तीसरी शाम

लखनऊ। कांशीराम स्मृति उपवन आशियाना में चल रहे भारत महोत्सव 2021 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या मयूर नृत्य व बृज के फूलों की होली से महक उठी। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह (पूर्व मंत्री) ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर सिंह ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ, अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर भारत महोत्सव गौरव सम्मान से सम्मानित किया।

राधा-कृष्ण की लीला से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में सनी तिलकधारी के नृत्य निर्देशन में निक्की और ऋषभ ने श्याम तेरी जोगन पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भगवान श्रीकृष्ण और राधा के अलौकिक प्रेम की झांकी दिखाई। डिम्पी और विशाल ने लाल लाल गजरा पर आकर्षक मयूर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

निक्की, शिवानी, डिम्पी, ऋषभ और मुकुल ने होली में रंग रसिया पर फूलों की होली खेलते हुए नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। शिवानी ने कथक नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। उन्होने अपनी प्रस्तुति के रूप में उपज, थाट, आमद, परन, तोड़े, टुकडे, तिहाई के जरिये कथक के पारम्परिक स्वरूप के दर्शन कलाप्रेमी दर्शकों को कराए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ