Pages

अवधी संग राजस्थानी नृत्य के नाम रही भारत महोत्सव की चौथी शाम

लखनऊ। कांशीराम स्मृति उपवन आशियाना लखनऊ में चल रहे भारत महोत्सव 2021 की चौथी सांस्कृतिक संध्या में अवधी लोकनृत्य संग राजस्थानी नृत्य की मनोरम बयार बही। कार्यक्रम का उदघाटन प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर प्रियापाल, पवन कुमार पाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

भारत महोत्सव के चौथी सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारंभ शक्ति श्रीवास्तव ने अवधी देवी गीत मईया खोली न किवड़या से किया। डॉ. अंजू भारती ने शेर भर चनवा और राम मोरे चल गईले भोजपुरी गीत को सुनकर श्रोताओं का मन मोहा। हृदय को हर्षातिरेक से भर देने वाली इस प्रस्तुति उपरान्त शबिना शैफी ने झूला गीत श्याम आया रे, रजनी तिवारी ने मैथिली गीत आजू मिथला नगरिया, एमन जावेद फारूकी ने गढवाली गीत मन भर मैन्गि और सीमा विरमानी एवं देवेन्द्र कुमार ने अपनी सुमधुर आवाज़ में पंजाबी टप्पे को सुनाकर श्रोताओं को खूब झुमाया।

मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के पश्चात जया श्रीवास्तव के गाए गीत होलिया में उड़े रे गुलाल कहियो रे मंगेतर से पर स्निग्धा मालवीय, उन्नति श्री और अक्क्षिता सिंह ने अवधी लोक नृत्य की मनोरम छटा बिखेरी। अनन्या तिवारी, वर्तिका सक्सेना, मन्जीरी सक्सेना, सुरभि गौतम, सृष्टि सोनी और शिवम यादव ने राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन सम्पूर्ण शुक्ला और अरविन्द सक्सेना ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ