Pages

भगवान के भजन में मन लगाए - आचार्य शान्तनु

लखनऊ। महानगर रामलीला मैदान में चल रही श्रीराम कथा के द्वितीय दिवस बुधवार को आचार्य शांतनु जी महाराज ने कहा कि इस धरा धाम पर जब जब असुरों के अत्याचार बढ़ते है, तब तब प्रभु अवतार लेकर भक्तो को उनके संताप से मुक्त करते है। भगवान की सगुन लीलाओं को भक्ति व विश्वास से सुनना चाहिए, इसमें तर्क का कोई स्थान नही है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की कथा के क्रम में उन्होंने प्रभु के जन्म के अनेक कारणों को सुनाया।

उन्होंने कहा कि भगवान की ये घोषणा है कि जो भी भक्त सब कुछ त्याग कर उनका भजन करते है, प्रभु उनकी रक्षा उसी प्रकार करते है, जैसे माँ अपने बच्चे की रक्षा करती है। मनु एवं शतरूपा जी के प्रसंग को सुनाते हुए शान्तनु जी महाराज ने कहा कि मनु महाराज ने जीवन के अंतिम समय में सब कुछ त्याग कर हरि भजन का मार्ग चुना। हम सब का भी यही दायित्व है कि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करते हुए भगवान के भजन में मन लगाए। देवताओ की करुण पुकार को सुनकर भगवान ने सबको आश्वासन दिया कि मैं अब नर रूप में धरती पर अवतरित होने वाला हूँ, सभी देवता प्रभु की जयजयकार करने लगे।

गोस्वामी जी ने अयोध्या की महिमा को गाया है, सम्पूर्ण अयोध्यावासी भगवान की आराधना कर रहे है और गोस्वामी जी ने भगवान के जन्म की तिथि घोषित कर दी। पूरे अयोध्या में बधाईया बजने लगी दसरथ जी मगन होकर प्रजाजनों को न्योछावर करने लगे और पूरा वातावरण राममय हो गया। रामकथा में सिविल डिफेंस लखनऊ के अधिकारी मनोज वर्मा व उनकी पत्नी शैल वर्मा 'शालू' यजमान के रूप में उपस्थित थे। इसके अलावा आयोजक सविता सिंह, डॉ. एके सिंह, जेपी सिंह, नरेंद्र देवड़ी, सुनील शंखधर, विजय, राम रत्न मौर्य, ललित जोशी, हेम पंत, विश्वनाथ, निशा सिंह सहित काफी संख्या में भक्त मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ