Pages

लखनऊ नगर निगम कार्यकारिणी में महिला पार्षदों का दबदबा

12 सदस्यीय कार्यकारिणी में आठ महिला

भाजपा की तीन व सपा के दो पार्षद निर्विरोध निर्वाचित

लखनऊ। नगर निगम की कार्यकारिणी में पहली बार महिला पार्षदों को जगह मिली है। नई कार्यकारिणी में अब महापौर समेत कुल पांच महिला सदस्य हैं। शनिवार को सदन की बैठक में भाजपा की तीन महिला पार्षदों व एक पुरुष को कार्यकारिणी के लिए चुना गया। जबकि सपा के दो पार्षद भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इस तरह से कार्यकारिणी में महापौर यानी अध्यक्ष संयुक्ता भाटिया सहित कुल पांच महिला सदस्य हो गई हैं।

कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव के लिए शनिवार को विशेष सदन की बैठक बुलाई गई थी। भारतीय जनता पार्टी के चार तथा सपा के दो सदस्यों को निर्विरोध चुन लिया गया। भारतीय जनता पार्टी ने चार पदों के लिए रेखा सिंह, मिथलेश चौहान, शशि गुप्ता तथा मनोज अवस्थी का नामांकन कराया था। सपा ने जगलाल व अयाजुर्रहमान का नामांकन कराया था। निर्धारित समय दिए जाने तक किसी अन्य पार्षद ने नामांकन नहीं किया। नामांकन अवधि समाप्त होने पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने इन सभी छह सदस्यों को निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की। भाजपा की इन महिला पार्षदों रेखा सिंह, मिथिलेश चौहान, शशि गुप्ता के कार्यकारिणी सदस्य चुने जाने के बाद महिला सदस्यों की संख्या चार हो गयी है। महापौर को लेकर पांच हो गयी है। रुपाली गुप्ता पहले से ही बीजेपी से कार्यकारिणी सदस्य हैं। पार्षद दल के उप नेता कौशलेन्द्र द्विवेदी ने सदन में घोषणा की कि भाजपा ने 50 प्रतिशत महिलाओं को कार्यकारिणी में जगह दी है। जबकि पूरी कार्यकारिणी में महिलाओं की संख्या लगभग 33 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि 138 वर्ष का रिकार्ड टूटा है। जब से नगर पालिका व निगम की व्यवस्था है तब से लेकर अब तक कार्यकारिणी में महिलाओं को इतनी संख्या कभी नहीं रही है। महापौर संयुक्ता भाटिया ने निर्वाचित नए सदस्यों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। पार्षद अनुराग मिश्रा, दिलीप श्रीवास्तव, रामकृष्ण यादव, सैय्यद यावर हुसैन रेशू, पूर्व पार्षद नागेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र सिंह बल्लू सहित तमाम पार्षदों ने बधाई दी।



महिलाओं की बुलंद होगी आवाज

कार्यकारिणी में महिलाओं की संख्या 33 प्रतिशत होने की वजह से इनकी आवाज बुलंद होगी। महिलाओं के मुद्दे व उनके प्रस्तावों पर भी काम होगा। महिला पार्षदों के क्षेत्र की समस्याओं का निदान भी पहले की तुलना में अच्छे से होगा। कार्यकारिणी सदस्य रेखा सिंह ने कहा कि यह बहुत खुशी का मौका है। महिलाओं को कार्यकारिणी में इतना प्रतिनिधित्व पहले कभी नहीं मिला। भाजपा व महापौर ने महिलाओं को हमेशा आगे बढ़ाया।

पूर्व उपाध्यक्ष कार्यकारिणी समिति रजनीश गुप्ता ने कहा महापौर संयुक्ता भाटिया के सफल नेतृत्व में आज का दिन स्वर्णिम इतिहास का रहा, जब पहली बार इतनी ज्यादा संख्या में महिला जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधित्व महत्वपूर्ण कार्यकारिणी समिति में हुआ है। साथ ही समस्त चुनावो को निर्विरोध कराना माननीय महापौर जी की कुशल नेतृत्व क्षमता को दर्शता है।

बारह सदस्यीय नयी कार्यकारिणी के कुल सदस्य

भाजपा-आठ सदस्य रेखा सिंह, मिथिलेश चौहान व शशि गुप्ता, मनोज अवस्थी, प्रदीप शुक्ला टिंकू , रुपाली गुप्ता, श्रवण नायक, व विमल तिवारी

  सपा -चार सदस्य जगलाल यादव, अयाजुर्रहमान, मोनू कन्नौजिया व देवेन्द्र सिंह जीतू

अब उपाध्यक्ष का होगा चुनाव

कार्यकारिणी के बाद अब उपाध्यक्ष का चुनाव भी होगा। उपाध्यक्ष का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है। कार्यकारिणी सदस्यों में से ही एक पार्षद को उपाध्यक्ष चुना जाना है। कार्यकारिणी उपाध्यक्ष बीजेपी का होगा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ