Pages

जनसंवाद में विकास कार्यों के लिए जनता ने जताया आभार, रक्षामंत्री को गिनाईं समस्याएं

लखनऊ। छुइयापुरवा चौराहे से कुर्सी रोड जाने वाली सड़क पर बहुत गड्ढे हैं, क्षेत्र में लगभग सभी पार्क बन गए हैं लेकिन तिकोना पार्क कई वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। जानकीपुरम वार्ड द्वितीय के छुइयापुरवा में शनिवार शाम आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को स्थानीय निवासियों ने समस्याओं से अवगत कराया। जिसपर राजनाथ सिंह ने शीघ्र समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं टेढ़ी पुलिया ओवरब्रिज, सहारा स्टेट से रिंग रोड तक की सड़क सहित अन्य विकास कार्य कराने के लिए लोगों ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व विधायक डा. नीरज बोरा का आभार भी जताया। राजनाथ सिंह ने उपस्थित लोगों के साथ संवाद किया और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों व प्रस्तावित योजनाओं के संबंध में चर्चा की। 

क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को अंगवस्त्र और भगवान शिव की प्रतिमा का स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा व महापौर संयुक्ता भाटिया को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया।

देश का बच्चा-बच्चा जानता है पीएम का नाम - राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहाकि करीब 38 वर्षों बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि लगातार दूसरी बार उस पार्टी की सरकार बनी है जिसकी पहले थी। यह प्रदेश की जनता के आशीर्वाद के परिणाम स्वरुप ही संभव हो पाया है। इस बार चुनाव में आप सभी ने ऐसी होली खेली कि पूरे उत्तर प्रदेश को केसरिया रंग से रंग दिया। ऐसा लग रहा था कि हर पिचकारी से जो रंग निकल रहा है वह केसरिया है।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 से लेकर अब तक भाजपा सरकार ने जो काम किया है जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप किया है और यह मैं कह सकता हूं जनता की कसौटी पर वह पूरी तरह से खरे उतरे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने लोकप्रिय हैं कि देश का बच्चा-बच्चा भी उनका नाम जानता है। देश के गरीबों व मध्यमवर्गीय लोगों के लिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बहुत बड़े-बड़े काम हुए हैं। कोरोना कॉल में शुरू हुआ डबल राशन वितरण लगातार जारी है। लोगों ने अटल चौराहे से लेकर भुइयन देवी मंदिर तक रोड के निर्माण का आग्रह भी किया। क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा के कार्यों की सराहना करते हुए केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहाकि करीब 18000 में लगभग 15700 मत देकर आप लोगों ने यह जाहिर कर दिया है कि डा. नीरज बोरा ने क्षेत्र में बेहतर काम किया है। लोगों से मिलते-जुलते रहना और उनकी समस्याओं का समाधान करना डा. नीरज बोरा का स्वभाव है। 
विधायक डा. नीरज बोरा ने बताया कि क्षेत्र में पड़े करीब 18 हजार मतों में लगभग 15700 मत भाजपा को मिले हैं। उन्होंने पुनः सेवक चुनने के लिए लोगों का आभार जताया। क्षेत्रवासियों द्वारा क्षेत्र में जलापूर्ति बढ़ाने की मांग पर विधायक ने बताया कि रक्षामंत्री ने कुर्सी रोड पर एक नए वाटर वर्क्स की स्थापना की कल्पना करके वह जमीन जिलाधिकारी से जल निगम को आवंटित करा दी है। जिसमें शारदा नहर से पानी उस वाटर वर्क्स में आएगा जिससे वहां से सप्लाई पूरे जानकीपुरम, इंदिरा नगर व विकासनगर सहित आसपास के इलाको में होगी। 
इस मौके पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, महापौर संयुक्ता भाटिया, नगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर महामंत्री रामऔतार कनौजिया, त्रिलोक सिंह अधिकारी, नगर मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग, पार्षद प्रदीप शुक्ला, खुशबूराखी मिश्रा, रुपाली गुप्ता, राघवराम तिवारी, पृथ्वी गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि दीपक मिश्रा, रामकिशोर वर्मा, मंडल अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, रामशरण सिंह, लवकुश त्रिवेदी, मंडल महामंत्री संजय तिवारी के अलावा कृपाशंकर मिश्रा, राजीव मेहरोत्रा, प्रवीण मिश्रा, पीयूष मिश्रा, सर्वेश सिंह, कुशाग्र वर्मा सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

इससे पूर्व केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह के शनिवार शाम को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, पूर्व मंत्री एवं विधायक आशुतोष टंडन, एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, महापौर संयुक्ता भाटिया, पूर्व मंत्री स्वाति सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह, विधायक योगेश शुक्ला, सुरेश चंद्र तिवारी, विद्यासागर गुप्ता (चेयरमैन प्राविधिक शिक्षा उत्तर प्रदेश), महानगर महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी, पुष्कर शुक्ला, ओपी श्रीवास्तव, वीरेंद्र तिवारी ने स्वागत किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ