Pages

खाना बनाना हुआ महंगा, अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर के बढ़ गए दाम

लखनऊ। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को घरेलू एलपीजी सिलेंडर (LPG Price) और महंगा हो गया है। 50 रुपये के दाम बढ़ने से रसोई में खाना बनाना और मंहगा हो गया है। यह बढ़ोतरी आज से यानी शनिवार 7 मई 2022 से लागू हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में (LPG price in delhi) 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर का दाम 999.50 रुपये हो गया है। 

बता दें कि इससे पहले मार्च 2022 में सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ाए गए थे वहीं, इस महीने कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 102 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।


नए रेट लागू होने के बाद लखनऊ में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर 1037.5 रुपये का हो गया है। पटना में 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1089.5 रुपये का हो गया है। वहीं पंजाब में इसकी कीमत 1035 रुपये हो गई है।

बता दें कि 22 मार्च से पहले करीब छह महीने से एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर बने हुए थे। 6 अक्तूबर 2021 के बाद घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ था। छह अक्तूबर को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये का इजाफा किया गया था। 

घरेलू रसोई गैस की कीमतें लोकल टैक्स के कारण एक राज्य से दूसरे राज्य में अलग-अलग होती हैं। फ्यूल रिटेल विक्रेता हर महीने की शुरुआत में रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में संशोधन करते हैं। वहीं, हर दिन पेट्रोल डीजल के रेट बदलते हैं। 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ