Pages

मृगनयनी प्रदर्शनी : शिव तांडव संग कथक नृत्य ने बिखेरी मनमोहक छटा

लखनऊ। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम भोपाल के तत्वावधान में ललित कला अकादमी अलीगंज में चल रहे राज्य स्तरीय मृगनयनी हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनी की छठी सांस्कृतिक संध्या में कथक नृत्य की मनोरम छटा बिखरी। आज की सांस्कृतिक सन्ध्या का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि मौजूद डॉ. मनोज कुमार और एम.एल.शर्मा ने दीप प्रज्जवलित कर किया। 

ऋचा आर्या और डॉ. उदय प्रताप सिंह के संयोजन में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम कलाकारों ने धमाल मचाया। नेहा वर्मा के नृत्य निर्देशन में तान्या सक्सेना, परी वर्मा, वैष्णवी वर्मा, अनुष्का और परिणित ने दुर्गा स्तुति जय भगवती देवी नमो वर दे पर भावपूर्ण अभिनय युक्त नृत्य प्रस्तुत कर दर्शको को भगवती देवी दुर्गा के भक्ति के सागर में आकन्ठ डुबोया। भक्ति भावना से ओतप्रोत इस प्रस्तुति के उपरान्त अनुमोहा सक्सेना ने शिव तांडव स्त्रोत जटा टवी गलज जल प्रवाह पर नृत्य कर दर्शकों को भगवान शिव शंकर के शान्त व रौद्र रूप के दर्शन करवाए। 

इसी क्रम में कुसुमा, राधिका, साम्या, वैष्णवी और परी ने रंग डालो न नन्द के लाल पर होली नृत्य की मनोरम छटा बिखेरी। मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त वाची, चेस्था, खुशबू, इरिना ने कथक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में आशीर्या अग्रवाल ने भो शंभू, आन्या रस्तोगी ने श्री राम चन्द्र कृपालु भजमन हिती दुबे ने मोहे रंग दे विधि पान्डेय ने ढाई श्याम पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ