Pages

लखनऊ में होंगे दो नगर निगम या फिर बढ़ेंगे 20 नए वार्ड, परिसीमन से पहले राजनीति शुरु

नये परिसीमन से वार्डों का बदल जायेगा नक्शा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 56 जिलों के 151 निकायों में नए सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लखनऊ नगर निगम में नवंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं। 110 वार्डों का नए सिरे से परिसीमन होगा। वर्ष 2017 की आबादी के आधार पर वार्डों की सीमा तय होगी। इन वार्डों में विस्तारित 88 गांवों को भी शामिल किया जाएगा। नए परिसीमन से सभी वार्डों की औसत जनसंख्या 25,709 से बढ़कर 28,054 हो जाएगी। नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने सभी नगर अभियन्ताओं और जोनल अधिकारियों को 10 तक मई तक परिसीमन का काम पूरा करने का निर्देश दिया है। इन गांवों के वार्डों में शामिल करने से प्रत्येक वार्ड की जनसंख्या औसतन 2445 बढ़ जाएगी। अभी प्रत्येक वार्ड की औसतन जनसंख्या 25,609 है। नए परिसीमन के बाद यह 28,054 हो जाएगी। 



नगर अभियंताओं व जोनल अधिकारियों को दस मई तक पूरा करना है परिसीमन 

नए सिरे से परिसीमन होने से सभी वार्डों के नक्शे बदल जाएंगे। नगर आयुक्त ने परिसीमन के लिए इनके नक्शे तैयार करने की जिम्मेदारी निगम के सभी नगर अभियन्ताओं को दी है। यह सर्वे करके इनके नक्शे तैयार करेंगे। जबकि सभी जोनल अधिकारी इनकी जनसंख्या निर्धारित करेंगे। जनसंख्या औसतन एक बराबर होगी। फिर भी कुछ वार्डों में थोड़ा बहुत अन्तर हो सकता है। 


भाजपा पार्षद ने डिप्टी सीएम को लिखा पत्र

मैथिली शरण गुप्त वार्ड के पार्षद व पूर्व भाजपा प्रवक्ता दिलीप श्रीवास्तव ने दो नगर निगम अथवा 20 नए वार्ड बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में उप मुख्यमंत्री को पत्र लिखते हुए दिलीप श्रीवास्तव ने कहा है कि वर्तमान में लखनऊ नगर निगम में 110 वार्ड हैं। लखनऊ नगर निगम की सीमा में 88 गांव और सम्मिलित कर लिये गये हैं जिससे क्षेत्रफल व जनगणना दोनों ही बढ़ गये हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार लाख की आबादी 28, 17,105 थी। शामिल किये गये 88 गांवों की आबादी वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 2,69,464 ऑकी गई। वर्तमान में कुल लगभग 50 लाख की आबादी मानी जा सकती है। ऐसी स्थिति में लखनऊ में दो नगर निगम की आवश्यकता है। यदि दो नगर निगम नहीं बनाया जा रहा है तब वर्तमान परिदृश्य मे लखनऊ की आबादी व क्षेत्रफल एवं नागरिकों को मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने की दृष्टि से कम से कम 20 वार्ड लखनक नगर निगम में बढ़ा दिए जाएं। वर्तमान अनुमानित आबादी व क्षेत्रफल की दृष्टि से बढ़ाने जाने वाले वार्ड अर्थात 20 को मिलकर 130 वार्डों के आधार पर ही परिसीमन होना चाहिए। बता दें कि सबसे अधिक 110वार्ड लखनऊ नगर निगम में हैं। नगर निगम अधिनियम के अनुसार इससे अधिक वार्ड नहीं हो सकते हैं। ऐसे में पार्षद ने 130 वार्ड किए जाने के लिए डिप्टी सीएम से कैबिनेट से प्रस्ताव पास कराने की मांग की है। 

इससे पहले लखनऊ जनकल्याण समिति के अध्यक्ष उमाशंकर दुबे भी दो नगर निगम की मांग करते रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले 88 गांवों में विकास कार्य को लेकर दो नगर निगम बनाए जाने की मांग को लेकर मुहिम छेड़ रखी है। कई बार राज्य सरकार से पत्राचार भी किया और विस्तारित गांव के प्रधानों की बैठक भी करते रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ