Pages

लखनऊ की एक पहचान थे लालजी टण्डन : मुख्यमंत्री

लखनऊ के विकास और लखनऊ के माध्यम से प्रदेश को एक पहचान दिलाने के लिए श्री टण्डन ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों, भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बिहार व मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री स्व. लालजी टण्डन की पुण्यतिथि पर गुरुवार को हजरतगंज स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लालजी टण्डन लखनऊ की एक पहचान थे। लखनऊ के विकास और लखनऊ के माध्यम से प्रदेश को एक पहचान दिलाने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया था। वह सभी राजनीतिक दलों के प्रिय थे। अपनी सहज, सरल एवं संवेदनशील दृष्टि के कारण उन्होंने सभी को अपने साथ जोड़ा था। टण्डन जी ने प्रदेश के कई मुख्यमंत्रियों के साथ कार्य किया। उन्होंने प्रदेश शासन के कई विभागों का नेतृत्व किया। टण्डन जी पूर्व पीएम स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के अनन्य सहयोगी थे। अटल जी के सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने प्रयास किये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लालजी टण्डन की स्मृतियां हर उम्र के लोगों के साथ आज भी जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अपनी स्मृतियों को ‘अनकहा लखनऊ’ पुस्तक के माध्यम से समाज को देने का प्रयास किया था। टण्डन जी ने पार्षद से लेकर राज्यपाल के पद तक 05 दशक से भी अधिक समय की अपनी यात्रा को कुशलतापूर्वक पूर्ण किया था। उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनकी स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार तथा नगर निगम द्वारा उनकी पहली पुण्यतिथि पर इस भव्य प्रतिमा की स्थापना की गयी थी।

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक आशुतोष टण्डन, विधायक डा. नीरज बोरा, एमएलसी मुकेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी, नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रदीप शुक्ला, पार्षद रुपाली गुप्ता, मुन्ना मिश्रा, अमित मौर्या, पूर्व पार्षद बृज किशोर पाण्डेय, कैलाश यादव, उमेश सनवाल  सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ