Pages

डॉक्टर पर कुत्तों ने किया हमला, नगर निगम दस्ते का विरोध

लखनऊ। शहर में कुत्तों का खौफ कम नहीं हो रहा है। सुबह हो या फिर रात कुत्तों के डर से लोग सहमे हैं। रविवार को आईआईएम रोड पर सहारा सिटी होम स्थित अपने मकान से सुबह टहलने निकले डॉक्टर रईस पर कुत्तों ने हमला कर दिया। चार-पांच कुत्तों ने एक साथ हमला कर पैर में काट लिया। उन्होंने किसी तरह ईंट से मारकर कुत्तों को भगाया। शिकायत पर नगर निगम टीम कुत्ते पकड़ने पहुंची तो स्थानीय लोगों ने विरोध कर गाड़ियां रोक ली। लोगों का कहना था कि यहां के कुत्ते काटने वाले नहीं हैं। जब कोई छेड़ता है, तभी काटते हैं। करीब दो घंटे तक विरोध होने पर कैटिल कैचिंग का दस्ता एक-दो कुत्तों को पकड़ने के बाद वापस लौट गया।



आईआईएम रोड स्थित सहारा सिटी होम के डॉ. रईस सुबह करीब 7:30 बजे टहलने निकले थे। इस दौरान कुत्तों ने हमला किया। उनके पैर में एक कुत्ते ने काट  लिया। डॉ. रईस ने बताया कि पास पड़ी ईंट उठाकर कुतों को मारना शुरू किया तब उन्होंने पीछा छोड़ा। मामले की जानकारी पर नगर निगम टीम यहां कुत्ते पकड़ने आई तो स्थानीय निवासियों ने कहा कि यहां के कुत्ते काटते नहीं हैं। कोई उन्हें मारता या छेड़ता है तभी काटते हैं। अपार्टमेंट के ही आधे से अधिक लोग कुत्तों को पकड़ने के पक्ष में नहीं थे। कुछ लोग इसे पकड़वाना चाहते थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा भी हुआ। मौके पर पुलिस ने लोगों को शांत कराया। नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर कैटिल कैचिंग की गाड़ियां कुत्ता पकड़ने भेजी थी। मगर वहां दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कई लोग कुत्ता नहीं पकड़ने दे रहे थे। लोगों ने बताया कि यहां के कुत्ते काटते नहीं हैं। विरोध के चलते कुत्तों को पकड़ा नहीं जा सका। अब सोमवार को दोबारा दस्ते को भेजा जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ