Pages

उप्र आदर्श व्यापार मंडल : अधिवेशन में व्यापारियों ने अधिकारों के लिए भरी हुंकार

कानपुर। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल द्वारा संगठन के 18वें स्थापना दिवस के अवसर पर कानपुर के रूमा क्षेत्र स्थित एलेन हाउस इंस्टिट्यूट में" व्यापारी अधिवेशन" आयोजित किया गया। अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर व बतौर विशिष्ट अतिथि कवि पदमश्री डॉ. सुनील जोगी मौजूद रहे। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता की अध्यक्षता में हुए अधिवेशन में विभिन्न जिलों के व्यापारी शामिल हुए। व्यापारियों ने अपने अधिकारों के लिए अधिवेशन में हुंकार भरी और केंद्रीय राज्यमंत्री को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

अधिवेशन में विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा रिटेल सेक्टर के व्यापारियों के व्यापार को बुरी तरह चौपट किए जाने का मुद्दा गर्मजोशी से उठा। व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने कहाकि व्यापारियों की उन्नति के बिना राष्ट्र की उन्नति संभव नहीं है। उन्होंने व्यापारी नीति आयोग बनाए जाने, विदेशी e-commerce कंपनियों की प्रतिस्पर्धा में केंद्र एवं राज्य स्तर पर पीपीपी मॉडल पर स्वदेशी ई-कॉमर्स पोर्टल बनाए जाने की वकालत की। उन्होंने कहाकि विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों से प्रतिस्पर्धा करने व अपने व्यापार को बचाने के लिए व्यापारियों को स्वयं से e-commerce विधा अपनानी होगी। कानपुर के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा ने कानपुर के व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम का संचालन कानपुर जिला महामंत्री रजत पांडे द्वारा किया गया। 

अधिवेशन में कमर्शियल हाउस टैक्स की दरों को कम करने, कॉमर्शियल विद्युत की दरों को उचित करने तथा जिन दुकानदारों ने पानी के कनेक्शन नहीं लिए हैं उनको जलकर से मुक्त रखने का मुद्दा भी उठाया गया। केंद्रीय मंत्री ने आदर्श व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से भेंट करवाने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री के सामने व्यापारियों के विषय पहुंचाने का वादा किया। अधिवेशन में व्यापारियों ने स्वयं से ऑनलाइन खरीदारी बंद करने एवं नशे के उत्पादों का जीवन में प्रयोग ना करने का भी संकल्प लिया।
व्यापारी अधिवेशन को संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, लखनऊ ट्रांसगोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, चेयरमैन अशोक यादव, महिला इकाई की अध्यक्ष अनिला अग्रवाल, प्रदेश संगठन मंत्री ओम प्रकाश शर्मा (लखनऊ), प्रदेश संगठन मंत्री पीयूष शुक्ला (हरदोई), प्रदेश संगठन मंत्री संतोष गुप्ता (खागा फतेहपुर) ने भी संबोधित किया। अधिवेशन में राजधानी लखनऊ सहित सहित जिलों के पदाधिकारी एवं व्यापारी भारी संख्या में मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ