Pages

लखनऊ मेट्रो : दैनिक यात्री राइडरशिप संख्या ने बनाया नया रिकॉर्ड

लखनऊ। लखनऊ मेट्रो की राइडरशिप में वृद्धि का क्रम निरंतर ज़ारी है। शनिवार को यात्री राइडरशिप संख्या 90,000 के आंकड़े को पार कर गई। यह अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप है। इससे पहले 10 मार्च 2019 यानी संपूर्ण नार्थ-साउथ कॉरिडोर शुरु होने के 2 दिन बाद लखनऊ मेट्रो ने सर्वाधिक 75000 यात्रियों को सफर करवा कर रिकॉर्ड दर्ज किया था।  

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने यूपीएमआरसी की पूरी टीम के साथ लखनऊवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “निश्चित तौर पर आज की 90,000 से अधिक की राइडरशिप हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमने तमाम चुनौतियों को पार कर लखनऊ के लोगों के लिए जिस आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का संकल्प लिया है, आज वह यात्रियों से मिल रहे निरंतर समर्थन और भरोसे की वजह से एक मुकाम तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। हम भविष्य में भी यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक, बजट और पर्यवरण के अनुकूल यात्री सेवा प्रदान करने के लिए इसी दृढ़ निश्चय के साथ प्रयासरत रहेंगे।"

यूपीएमआरसी लगातार अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म जैसे यूट्यूब, ट्विट्टर, फेसबुक एवं कू एप के जरिए लोगों तक पहुंच कर उन्हें मेट्रो इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करता रहा है। इन सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर मेट्रो से जुड़ी सभी जानकारियों को साझा किया जाता है। यूपी मेट्रो हमेशा ही यात्रियों से संवाद बनाए रखने में भरोसा रखती है और यात्रियों की प्रतिक्रियाओं से हमें निरंतर सुधार करने की प्रेरणा मिलती है जिसके फलस्वरूप आज हम इस आंकड़े को हासिल कर पाए हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ