Pages

गले में गंदे पानी की माला, पार्षदों ने खूब किया हंगामा

गंदे पानी की बोतलों की माला पहन सदन पहुंचे अन्नू मिश्रा

लखनऊ। लखनऊ नगर निगम सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नामित भाजपा पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू ने कहाकि उनके वार्ड के लोगों को पता चला की गुरुवार को वर्तमान कार्यकाल के अंतिम सदन की बैठक होनी है। सभी गंदे पानी की बोतल लेकर उनके आवास पहुंच गए।

गुरुवार को सदन में नामित पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू उन बोतलों की माला बनाकर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि चौक काली जी बाजार वार्ड में सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है। इस वजह से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इस समस्या को लेकर कई बार मंगल दिवस, जल संस्थान के इंजीनियरों व सुएज कंपनी को अवगत कराया गया लेकिन अभी तक इस समस्या का निस्तारण नहीं हो सका है। छह माह से गंदे पानी की आपूर्ति सही कराने के लिए कह रहे हैं। जोन छह के अधिशासी अभियंता राजपूत का कहना था कि इस समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। 

क्या नगर आयुक्त के आदेश नहीं मानते अफसर

कांग्रेस पार्षद अमित चौधरी ने आरआर विभाग के प्रभारी मुख्य अभियंता संजय कटियार की कार्यशैली पर सवाल खडेÞ किए तो भाजपा पार्षद संतोष राय ने नगर आयुक्त की भूमिका पर प्रश्न चिह्न लगा दिया। कहा कि नगर आयुक्त के आदेश को अधिकारी अनसुना कर देते हैं जबकि पूर्व नगर आयुक्त के एक आदेश पर कार्रवाई हो जाती थी। उन्होंने वार्ड में कर्मी बढ़ाने के अपने पत्र पर कार्रवाई न होने पर यह सवाल किया। मुन्ना मिश्रा हत्थू ठेला न होने की बात रखी, इस पर अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय ने बताया कि यूपी एग्रो ने अभी तक 100 ठेले उपलब्ध कराए हैं। अब इसे बदलकर दूसरी एजेंसी को काम दिया जाएगा। 

महिला पार्षदों ने मेयर को किया सम्मानित

महिला पार्षदों ने महापौर संयुक्ता भाटिया को प्रथम महिला महापौर होने एवं विगत 5 साल महिला मुद्दों पर मुखरता से कार्य करने के लिए दुर्गा के रूप में सम्मानित किया। महापौर को त्रिशूल, चुनरी तथा दुर्गा की प्रतिमा भेंट किया। कांग्रेस पार्षद ममता चौधरी ने भी महापौर की तारीफ की। कहा कि उन्होंने न सिर्फ महिलाओं के लिए बल्कि हर नागरिक के लिए मार्गदर्शन देने का काम किया। भाजपा महिला पार्षदों ने कहाकि मेयर हमेशा सबके लिए सर्व सुलभ रही हैं। कभी अलविदा न कहो दोस्तो, न जाने फिर यहीं मुलाकात हो दोस्तो, कह कर ममता चौधरी ने मेयर को दुबारा चुनकर कर आने की बात कही। भाजपा पार्षद रुपाली गुप्ता, मिथलेश चौहान, संतोष तेवतिया, रानी कनौजिया, रेखा भटनागर ने महापौर संयुक्ता भाटिया को चुनरी पहनाकर तो निर्दलीय पार्षद नेहा सौरभ सिंह ने एवं मां दुर्गा की प्रतिमा से सुशोभित किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ