Pages

भारत हस्तशिल्प महोत्सव : बिखरी अवधी संग राजस्थानी छटा, आकर्षण का केंद्र बना फन जोन

लखनऊ। कांशीराम स्मृति उपवन आशियाना में चल रहे भारत हस्तशिल्प महोत्सव 2022 की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या में अवधी और राजस्थानी नृत्य की मनोरम छटा बिखरी। महोत्सव की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या का उदघाटन प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिसके पश्चात श्रीराम स्तुति से सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारम्भ हुआ। शिव शक्ति संस्था के कलाकारों तेजस्वी पोरवाल, अवनी बंसल, पलक वर्मा, सार्थक श्रीवास्तव, भूमिका पटेल, यशस्वी पोरवाल और वंशिका बंसल ने वन्दना पोरवाल के नृत्य निर्देशन में "अवध में राम आए हैं..." पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भगवान राम की भक्ति का रसपान कराया।


वीणा वादिनी डांस समूह ने अवधी नृत्य की मनोरम छटा बिखेरी। अरुण सोनकर, विशाल गुप्ता, दिशा, सोनाली, खुशबु, नीतू, लक्ष्मी, अर्चना श्रीवास्तव, अर्चना वर्मा और आदित्य ने राजा दशरथ जी के घर में आज जन्मे हैं ललनवा सोहर पर आकर्षक अवधी लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सर्वेश श्रीवास्तव व उनके समूह ने अवधी लोकगीतों की मनोरम प्रस्तुति दी। आरवीएस डांस अकादमी की ओर से नमन, अनुज, शेखर, स्वाति, सृष्टि और एस चौहान ने राजस्थानी लोकनृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द सक्सेना और सम्पूर्ण शुक्ला ने किया। वहीं दोपहर में भारत टैलेंट हण्ट में अंकिता बाजपेयी के सानिध्य में गायन प्रतियोगिता हुई। जिसमे साक्षी यादव प्रथम, अनायिका यादव द्वितीय और वैष्णवी तृतीय स्थान पर रहीं।

दुबई के झूलों और तंदूरी चाय व काफी की खुशबू से गुलज़ार हो रहा भारत हस्तशिल्प महोत्सव

दुबई के मनमोहक झूलों और तंदूरी चाय और काफी की चुस्कियों से भारत हस्तशिल्प महोत्सव 2022 का आयोजन स्थल जनता के आकर्षण का केंद्र बन गया है। मेले और महोत्सव की आत्मा तो उसके फन और फूड जोन में ही बसी होती है। बंगलाबाजार आशियाना स्थित मान्यवर कांशीराम सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल पर चल रहे भारत हस्तशिल्प महोत्सव में फन जोन और फूड जोन अपनी पूरी रौनक में आ गए है। 
सबसे पहले बात करते हैं बच्चों के दिल अजीज फन जोन की और बच्चे ही क्या बड़े भी इस जोन में आकर अपने बचपन में पहुंच जाते हैं। भारत महोत्सव में फन जोन के ओनर शाहजहांपुर निवासी इमरान ने बताया कि वे यहां दो दर्जन से ज्यादा झूले लेकर आए हैं जिसमें कुछ चीन और दुबई के बेहद रोचक झूले हैं। इमरान के पास पहले हाथ और पैर से चलने वाले झूले थे फिर इंजन वाले और इलेक्ट्रिक वाले होते हुए फैन्सी झूले आ गए हैं, उनके पास कुल 135 लोगों की टीम है। उनके पास मौजूद झूलों की आकर्षक रेंज में ड्रैगन ट्रेन, नाव झूला, ज्वाइंट व्हील, ब्रेक डांस, भूत गुफा, टोरा- टोरा, ट्वाय ट्रेन, रेंजर, ट्वाय कार, ट्वाय जीप, ट्वाय हेलीकॉप्टर, ट्वाय ऐरोप्लेन, ग्राइंड बेल व कोस्टर झूला शामिल है इसके अलावा दुबई का खास टावर गुलाब झूला भी मौजूद है। 

फूड जोन में स्टाल नंबर 1 और 2 पर हरियाणा से आए रवनीत सिंह, लखविन्दर सिंह और गुरूनूर सिंह का हंगरी पिज्जा का स्टाल है। जिसमें पास्ता, पिज्जा, चाउमीन, मंचूरियन सहित लगभग एक दर्जन चटपटे आइटम मौजूद हैं। इसके ठीक बगल में चांसलर क्लब के रौनक बैचलर नाम के स्टाल के साथ मौजूद हैं जिनके स्टाल पर फास्टफूड, चिली पनीर, नूडल्स, मक्के दी रोटी सरसों के साग के साथ और चाय व मोमोज उपलब्ध हैं। बूटा सिंह का राजस्थानी फूड स्टाल है जिस पर आलू प्याज कचोरी, मूंगदाल कचोरी, मावा कचोरी, दही बड़ा और राजस्थान का सबसे फेमस दाल बाटी चूरमा आपको अलग तरह के स्वाद का लुत्फ पहुंचाने को मौजूद हैं। इसके अलावा फूड जोन मे सर्दी से राहत देने के लिए वैभव श्रीवास्तव और शैलेष यादव के टी और कॉफी स्टाल पर विशेष आकर्षण तन्दूरी चाय और तन्दूरी कॉफी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ