लखनऊ, 13 मई: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है। विस्तारित मंत्रिमंडल की पहली बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं बल्कि राष्ट्रीय दायित्व भी है।
मुख्यमंत्री ने मंत्रीगणों से अपनी वाहन फ्लीट को 50 प्रतिशत तक कम करने का आह्वान करते हुए अगले छह माह तक अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर विदेश यात्राओं से परहेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंत्री मेट्रो, बस, ई-रिक्शा, कारपूलिंग और साइकिल जैसी सुविधाओं का उपयोग करें ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने शासन में डिजिटल कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए हाइब्रिड बैठकों और ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में कम से कम दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाए।
ऊर्जा संरक्षण के तहत मुख्यमंत्री ने कार्यालयों में एयरकंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने और प्राकृतिक प्रकाश के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, पीएनजी कनेक्शन और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का आचरण ही जनता के लिए सबसे बड़ा संदेश होता है और सभी मंत्रियों को कम समय में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।


0 टिप्पणियाँ