लखनऊ समाचार | 17 जून, 2026
'मोदी सरकार के 12 वर्ष': इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लगी जनकल्याणकारी प्रदर्शनी का डॉ. नीरज सिंह और आनंद द्विवेदी ने किया अवलोकन
लखनऊ: राजधानी के विभूति खंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के नेपच्युन हॉल में आयोजित भव्य प्रदर्शनी का आज दूसरा दिन रहा। "मोदी सरकार के 12 वर्ष : विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" विषय पर आधारित इस विभागीय प्रदर्शनी के दूसरे दिन भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह और भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मुख्य रूप से पहुंचे। दोनों नेताओं ने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
"बिना भेदभाव अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंच रहा लाभ"
प्रदर्शनी के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक मील के पत्थर स्थापित किए हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार की तमाम योजनाएं बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सीधे पहुंच रही हैं।
"गरीब कल्याण को मोदी सरकार ने दी सर्वोच्च प्राथमिकता"
वहीं, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मोदी सरकार ने सदैव सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है। यह प्रदर्शनी सरकार की पिछले 12 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा का एक सजीव चित्रण है। इससे लखनऊ के आम नागरिकों को एक ही छत के नीचे सभी महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रामाणिक जानकारी मिलेगी।
मीडिया प्रभारी अनुराग साहू द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनी के दूसरे दिन महानगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, सत्येंद्र सिंह, टिंकू सोनकर, स्थानीय पार्षद शैलेंद्र वर्मा और अरुण राय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं जागरूक नागरिक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे।




0 टिप्पणियाँ