रिलायंस जियो के CFO रजनीश जैन की नई किताब में काम, विश्वास और जीवन के 52 सबक। दीपक वोहरा, नरेश कुमार समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद
रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के प्रेसिडेंट और मुख्य वित्तीय अधिकारी रजनीश जैन की पुस्तक Quiet Excellence: 52 Reflections on Work, Faith and What Truly Matters का रविवार को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में विमोचन किया गया।
ओम बुक्स इंटरनेशनल द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक काम, विश्वास और रोजमर्रा के अनुभवों से जुड़ी 52 छोटी-छोटी सीखों का संग्रह है। लेखक का जोर है कि पेशेवर सफलता सिर्फ बड़े फैसलों से नहीं, बल्कि रोज की आदतों, मानवीय संवेदनाओं और मूल्यों से बनती है।
विमोचन कार्यक्रम में उद्योग, शिक्षा, प्रशासन और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। मुख्य अतिथि रहे पूर्व IFS अधिकारी और राजदूत डॉ. दीपक वोहरा। इसके अलावा दिल्ली सरकार के पूर्व मुख्य सचिव नरेश कुमार, ब्रह्माकुमारीज़ की बीके आशा दीदी, ICMAI अध्यक्ष सीएमए टीसीए श्रीनिवास प्रसाद और HFCL के MD महेंद्र नाहटा भी मौजूद रहे।
“महत्वाकांक्षा और विनम्रता के बीच संतुलन”
“हमारा समाज और राष्ट्र हमेशा गहरी सामूहिक चेतना से प्रेरित रहा है। यही चेतना हमें महत्वाकांक्षा और विनम्रता, कर्म और चिंतन, सफलता और अर्थ के बीच संतुलन बनाए रखने में मदद करती है। अगर यह पुस्तक भारत की विशाल सामूहिक चेतना का छोटा सा हिस्सा भी बन सके, तो मेरा प्रयास सार्थक होगा।”
Quiet Excellence सिर्फ पढ़ने की किताब नहीं, बल्कि अपनाने की कोशिश है। इसमें आत्मचिंतन, जागरूकता और संतुलित जीवन पर आधारित अनुभव शामिल हैं। पुस्तक में गुरुदेव श्री रविशंकर का संदेश और कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों के विचार भी दिए गए हैं।
कार्यक्रम के वक्ताओं ने कहा कि आज की तेजी से बदलती दुनिया में नेतृत्व सिर्फ उपलब्धियों से नहीं, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों से भी तय होता है। Quiet Excellence इन्हीं विचारों को सरल भाषा और वास्तविक अनुभवों के जरिए पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती है।


0 टिप्पणियाँ