मुंबई/जयपुर, 2 जुलाई 2026: दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर सफर करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड की सहायक कंपनी जियो पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (JPBL) ने राजस्थान के मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर 'मल्टी-लेन फ्री फ्लो' (MLFF) प्रोजेक्ट के तहत बैरियर-फ्री टोलिंग सिस्टम की शुरुआत कर दी है। अब इस व्यस्त मार्ग पर वाहनों को टोल टैक्स देने के लिए रुकने या धीमे होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बिना बैरियर और बिना रुके कैसे काम करेगी यह नई तकनीक?
मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम भारत के नेशनल हाईवे पर सफर का अंदाज बदलने जा रहा है। यह पूरी तरह से आधुनिक तकनीक पर काम करता है:
- ऑटोमैटिक पहचान: इसमें ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) और RFID (FASTag) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
- सामान्य रफ्तार में टोल कलेक्शन: जब वाहन अपनी सामान्य गति से प्लाजा से गुजरेंगे, तो बिना रुके उनके नंबर प्लेट और FASTag से वाहन की कैटेगरी तय कर टोल शुल्क अपने आप कट जाएगा।
- सालाना 88 लाख वाहनों को सुविधा: मनोहरपुरा टोल प्लाजा को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह हर साल करीब 88 लाख वाहनों का टोल बिना किसी रुकावट के आसानी से संभाल सकेगा।
अक्टूबर 2025 में मिला था कॉन्ट्रैक्ट, जियो प्लेटफॉर्म्स ने संभाला जिम्मा
यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट अक्टूबर 2025 में इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (IHMCL) द्वारा जियो पेमेंट्स बैंक को दिए गए पायलट प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस कॉरिडोर के तहत जियो पेमेंट्स बैंक शाहजहांपुर से मनोहरपुरा (100 किमी) और मनोहरपुरा से दौलतपुर (34 किमी) तक के हिस्से का प्रबंधन कर रहा है।
"एमडी और सीईओ विनोद ईश्वरन ने कहा: यह शुरुआत भारत के डिजिटल मोबिलिटी पेमेंट सिस्टम में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। बैरियर-फ्री टोलिंग से ट्रैफिक जाम कम होगा, ईंधन की बचत होगी और माल ढुलाई अधिक तेज व कुशल बनेगी। इससे देश की उत्पादकता और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।"
सैटेलाइट आधारित टोलिंग (GNSS) की दिशा में बड़ा कदम
जियो प्लेटफॉर्म्स के अधिकारियों के मुताबिक, भारत अब बैरियर-फ्री टोलिंग से आगे बढ़कर भविष्य में ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (GNSS) आधारित 'जितना इस्तेमाल, उतना भुगतान' (Pay Per Use) रोड चार्जिंग की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
ऐसे में डिजिटल कनेक्टिविटी, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम और सुरक्षित पेमेंट प्लेटफॉर्म की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। जियो का देशभर में फैला डिजिटल नेटवर्क, एआई आधारित प्लेटफॉर्म और नई पीढ़ी के डिवाइस की ताकत इस बड़े बदलाव को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।



0 टिप्पणियाँ