📘 🐦 📸
तेज़, सटीक और भरोसेमंद खबरें
🔴 Breaking
Loading news...
Voice of Capital को Google पर पसंदीदा स्रोत बनाएं
ताजा खबरों के लिए हमें Google पर Follow करें

Pages

यूपी-बिहार में तूफान यास का असर, जानिये मौसम का हाल

लखनऊ। चक्रवात तूफान यास की तीव्रता कमजोर पड़ी लेकिन इसका असर यूपी से लेकर बिहार और झारखंड तक पहुंच गया है। इन राज्यों में लगातार तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश से आवागमन से लेकर बिजली आपूर्ति बाधित है। पेड़ और आकाशीय बिजली गिरने कई मौतें की सूचना है। बारिश का असर हवाई यात्रा पर भी देखने को मिला है। वहीं बिहार और इससे सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों तक कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है।

लखनऊ समेत उतर प्रदेश में देर रात बदले मौसम और ठंडी हवाओं ने मौसम सुहावना हो गया है। गुरुवार रात से ही राजधानी लखनऊ में बारिश शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह से हल्की तो कहीं तेज बारिश हो रही है। 

गुरुवार रात से आसमान में बादलों ने डेरा जमाना शुरू कर दिया था जो कि शुक्रवार को दिन भर बरसते रहे। बारिश की वजह से कई इलाकों में जल भराव भी हो गया। जिसकी वजह से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश व ठंडी हवाओं के चलते तापमान में भी कमी आयी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं। शनिवार को भी बदली व बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश में खासतौर पर बिहार से लगे जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने व गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। बिहार में लगातार बारिश हो रही है। अगले 24 से 48 घंटों में मध्य बिहार में भी कुछ जगहों पर ठनका गिरने की आशंका जतायी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राज्य में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश अगले दो दिनों तक होने की वजह से कुछ जगहों पर जलजमाव या बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि चूंकि चक्रवाती सिस्टम अब कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बदल गया है इस वजह से मौसम की तीव्रता भी कम हो गई है। यानी पहले किए गए पूर्वानुमान से भी कम बारिश और हवा की गति सूबे में दिखेगी।

सड़कें बहीं-पुल धंसा, कई इलाकों में हालात खराब 

झारखंड में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से सभी डैम लबालब हो गए तो स्वर्णरेखा, रोरो, कांची संजय, कोयना और खरकई आदि नदियां उफना गई हैं। नदियों का पानी पुल और सड़कों के ऊपर से बह रहा है। ग्रामीण इलाकों में सैकड़ों कच्चे मकान ध्वस्त हो गए हैं, जबकि कई पुलिया भी बह गयी हैं। पिपरवार इलाके में खदानों में पानी जमने से खनन और लोडिंग कार्य भी प्रभावित हुआ है। बारिश से राज्य में तीन लोगों की मौत हो गई है। रांची के धुर्वा में एक मकान गिरने से पिता-पुत्र की जान चली गयी वहीं कोडरमा में एक बच्ची की मौत हो गई है। रांची के तमाड़ प्रखंड में तीन साल पहले कांची नदी पर बना पुल गुरुवार को भारी बारिश के बीच टूट गया। अभी तक इसका विधिवत उद्घाटन भी नहीं हुआ था। यह पुल रांची जिले के तमाड़ और सोनाहातू प्रखंड को जोड़ता था। 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

📢 WhatsApp से जुड़ें