Pages

बाजारों में बनाये महोत्सव जैसा वातावरण - संजय गुप्ता

लखनऊ। "उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल तकरोहीं बाजार" के तत्वावधान में तकरोही बाजार इंदिरा नगर में "क्षेत्रीय व्यापारी सम्मेलन" का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता का व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने फूल मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया। सम्मेलन की शुरुआत मुख्य अतिथि संजय गुप्ता ने दीप प्रज्वलन कर की। तकरोही मार्केट के अध्यक्ष कुलदीप यादव एवं महामंत्री जितेंद्र सिंह ने सम्मेलन में तकरोही बाजार की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बाजारों में लगातार कम हो रहे ग्राहको के विषय पर चिंता जताई और बैंकों के बढ़े हुए ब्याज, नगर निगम द्वारा दुकानों को सुबह-सुबह सील किए जाने का मुद्दा उठाया। बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। महिला इकाई की अध्यक्ष अंजलि मौर्या ने तकरोही बाजार में महिला व्यापारियों एवं महिला ग्राहकों हेतु पिंक टॉयलेट की कमी का मुद्दा उठाया।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहाकि उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल व्यापारियों के मान सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहाकि सभी समस्याओं का समाधान संबंधित अधिकारियों से मिलकर कराया जाएगा। विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों और राजधानी में मॉल कल्चर बढ़ने के कारण परंपरागत बाजारों से ग्राहक कम हो रहे हैं। उन्होंने व्यापार बढ़ाने का गुर सिखाते हुए व्यापारियों से आहवाहन किया कि परंपरागत व्यापारियों को एकजुट होकर सामूहिक रूप से अपनी बाजारों में महोत्सव सा वातावरण बनाना होगा। व्यापारिक स्थल को स्वच्छ एवं भव्य बनाना होगा। ताकि अधिक से अधिक ग्राहक पारंपरिक बाजारों में आए। साथ ही साथ परंपरागत व्यापारियों को भी ई-कॉमर्स के प्लेटफार्म पर अपने साधनों से आना होगा। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम के माध्यम से, अपनी वेबसाइट एवं पोर्टल बना करके भी अपने व्यापार को ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ला सकते हैं। उन्होंने कहाकि व्यापारियों को जाति धर्म से ऊपर उठकर मजबूत व्यापारी वोट बैंक के रूप में दिखना होगा तभी व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्रमुखता से होगा क्योंकि राजनीतिक लोग वोट की भाषा को आसानी से समझते हैं।

उन्होंने व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का संकल्प भी दिलाया।सम्मेलन को संगठन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, ट्रांस गोमती प्रभारी मनीष पांडे, ट्रांस गोमती चेयरमैन अशोक यादव, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध  निगम, महिला इकाई की अध्यक्ष अनिला अग्रवाल, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अंजलि मौर्या, तकरोही मार्केट के अध्यक्ष कुलदीप यादव, महामंत्री जितेंद्र सिंह, कल्पेश द्विवेदी ने भी संबोधित किया।

 इस अवसर पर तकरोही बाजार के पदाधिकारी हरि शंकर श्रीवास्तव, सुंदर यादव, ओम प्रकाश पाल, मोहम्मद मोईद, विशाल राजपूत, प्रदीप राजपूत, विपिन अग्रवाल, अब्दुल लतीफ, मोहम्मद इमरान, आकाश सोनी, महेंद्र सोनी, जय नरायन सोनी, रामखेलावन राजपूत, डब्बू यादव, वृधी सिंह चौहान, राजा भैया, शैलेंद्र यादव, लक्ष्मण दोहेरे सहित अन्य व्यापारी शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ