Pages

ओड़िसी नृत्य संग नृत्य नाटिका ने किया मंत्रमुग्ध

लखनऊ। श्री रामलीला परिसर ऐशबाग में चल रहे भारतीय नववर्ष मेला एवं चैती महोत्सव-2023 की आठवीं संध्या में ओड़िसी नृत्य संग शक्ति रूप शिव स्वरूप नृत्य नाटिका ने मंत्रमुग्ध किया। सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि मौजूद उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दीप प्रज्जवलित कर किया। पं आदित्य द्विवेदी, हरीश चन्द्र अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल ने डिप्टी सीएम को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी को तुलसी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। 

जिसके पश्चात ओड़िसी नृत्यांगना मेघना दास ने 14 मात्रा ज्योति ताल राग मिश्र खमाज में पगे जयदेव कृत गीत गोविन्द से उधृत मंगलाचरण की सुखद प्रस्तुति दी। जिसमें भगवान विष्णु के विभिन्न रूपों का मनोरम वर्णन नृत्याभाव से  दृष्टिगोचर हुआ।रिदम डिवाइन डांस सेन्टर के कलाकारों मौली सिंह, प्रख्याती श्रीवास्तव, आशी अग्रवाल, अनुष्का निगम, आलिया राज, अनुषा राज, मुस्कान अग्रवाल, खुशी अग्रवाल, आराध्या मिश्रा, आन्या सिंह तोमर, नन्दिनी गुप्ता, सान्वी गुप्ता, ध्रुवी आदित्य और दिक्क्षीता श्रीवास्तव ने अमृत सिन्हा के नृत्य निर्देशन में भरतनाट्यम एवं कथक नृत्य शैली के सम्मिश्रण में पगी शक्ति रूप शिव स्वरूप नृत्य नाटिका को प्रस्तुत किया।

मंदाकिनी बहुगुणा के नृत्य निर्देशन में हार्ट एण्ड सोल के कलाकारों प्रिया, स्वरा, अमा, वर्तिका, तान्या, हर्गुन, श्री, गौरी, व्याख्या ने दुर्गा स्तुति पर भावपूर्ण नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं सरिता श्रीवास्तव की परिकल्पना एवं अवधारणा में राष्ट्रीय कथक संस्थान के कलाकारों ने कथक नृत्य माला की हृदयग्राही प्रस्तुति दी। भास्कर बोस के निर्देशन में शंकर पाल, सैमुल, संजीत मंडल, प्रिंस, अपर्णा, प्रिया पांडेय व अन्य कलाकारों ने नाटक शबरी का मंचन किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ