लखनऊ। तुलसी शोध संस्थान के तत्वावधान में बुधवार से श्री रामलीला मैदान ऐशबाग में आरम्भ हुए भारतीय नववर्ष मेला एवं चैती महोत्सव-2023 में नृत्य प्रस्तुतियों में भगवती देवी दुर्गा अवतरित हुईं। महोत्सव का उद्घाटन संस्था के सचिव पं आदित्य द्विवेदी, अध्यक्ष हरीश चन्द्र अग्रवाल और प्रमोद अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पूर्व सुनील कुमार मिश्रा, अनिल कुमार मिश्र, विनोद शुक्ला, ललित तिवारी और दिनेश वर्मा ने सुंदरकांड का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ विहान, रौनक और आराध्य ने देवा श्री गणेशा पर भावपूर्ण नृत्य से किया। वैष्णवी, अंकिता, स्वरा, ओजस्वी, सपना और आरोही ने घर मोरे परदेशिया, अद्विका, यशी, आर्या, नव्या और आराध्या ने गणपति बप्पा मोरया पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नैतिका, जैतिका, यख्या और अदिती ने आई गिरि नन्दिनी पर, अंकित, अभय, अजीत, मयंक और कृष्णा ने राधा ढूंढ रही किसी ने मेरा श्याम देखा पर मनोरम नृत्य की प्रस्तुति दी।




0 टिप्पणियाँ