Pages

फूलों की होली संग गीतों पर जमकर झूमे व्यापारी

देश की विरासत को व्यापारियों ने ही संभाला है - सुरेश खन्ना

एकजुट व्यापारी ताकतवर देश की निशानी है - संदीप बंसल

लखनऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल द्वारा रामाधीन सिंह उत्सव हाल बाबूगंज में आयोजित होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि देश की विरासत को व्यापारी वर्ग ने ही संभाल कर रखा है। यही व्यापारी देश की आन बान और शान है। आज देश को सोने की चिड़िया बनाने की सामर्थ्य अगर किसी में है तो वह व्यापारी में है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और प्रदेश की सरकारें निरंतर प्रयासरत हैं कि देश एवं प्रदेश का उद्योग और व्यापार लगातार वृद्धि करें। इसीलिए जी 20 एवं इन्वेस्टर सम्मिट जैसे प्रयास लगातार किए जा रहे हैं जिससे विदेशी निवेश के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों के भी उद्यमी उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए आ रहे हैं। 
उन्होंने प्रदेश के समस्त व्यापारियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए आने वाले वित्तीय वर्ष में उनके व्यापार की उन्नति की कामना की और यह भी कहा कि व्यापारियों से संबंधित कोई भी समस्या संगठन के माध्यम से उन तक व मुख्यमंत्री तक सीधे पहुंचाई जा सकती है, उसका त्वरित गति से समाधान करा दिया जाएगा।
समारोह को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि देश की उन्नति की पहचान व्यापारी है और व्यापारी की एकजुटता ही उसकी ताकत है। इसलिए संपूर्ण व्यापारी वर्ग को एकजुट होकर देश के विकास के लिए राष्ट्रीय विचारधारा के साथ काम करना होगा। ऐसी विचारधारा जिसमें देश पहले हो, परिवार और व्यक्ति बाद में हो, तभी देश तेजी से और आगे बढ़ेगा। इससे पूर्व समारोह में सभी पदाधिकारियों एवं उनके परिवारों को चंदन का टीका लगाकर स्वागत किया गया। फूलों की होली खेली गई और प्रसिद्ध कलाकार किशोर चतुर्वेदी द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की गई। समारोह में पीले वस्त्रों में पुरुष एवं स्त्री पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया गया। बच्चों के भी कार्यक्रम आयोजित हुए। गायन एवं नृत्य के लिए बच्चों को पुरस्कार दिए गए। शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। अंत में लकी ड्रा का भी आयोजन किया गया। उसके पश्चात स्वरुचि भोज का सभी पदाधिकारी परिवारों ने आनंद लिया।
समारोह में निवर्तमान महापौर संयुक्ता भाटिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल की माताजी शशि बंसल, राष्ट्रीय मंत्री रिपन कंसल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष शिव अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश छाबलानी, युवा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आकाश गौतम, युवा महानगर अध्यक्ष अश्वन वर्मा, महामंत्री शुभम मौर्य, प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी जावेद वेग, ललित सक्सेना, पतंजलि यादव, महिला इकाई की अध्यक्ष अनिता जयसवाल, उपाध्यक्ष नवीन भसीन, महामंत्री एकता अग्रवाल, बीनू मिश्रा, मृदुला भार्गव, दीपेश गुप्ता, रमेश सिंह, मोहम्मद सलीम, संजय सोनकर, मलखान सिंह, अनिल उपाध्याय सहित काफी संख्या में व्यापारी और उनके परिजन उपस्थित रहे। समारोह के अंत में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, निवर्तमान महापौर संयुक्ता भाटिया को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ