जलाभिषेक को जा रहे थे सीहागांव निवासी
गोंडा। जनपद में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव से बोलेरो से अयोध्या के पृथ्वीनाथ मंदिर जलाभिषेक के लिए निकले 15 लोगों की गाड़ी इटियाथोक क्षेत्र के बेलवा बहुता नहर के पास अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोंडा में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख की आर्थिक सहायता दिए जाने के निर्देश दिए।
हादसे के मृतकों की सूची प्रशासनिक पुष्टि के अनुसार
रामबेटी (60 वर्ष), सरोजा देवी (58 वर्ष), राजू (30 वर्ष), नरेंद्र (32 वर्ष), पंकज (28 वर्ष), आरती (25 वर्ष), गुड़िया (22 वर्ष), आरव (5 वर्ष), कविता (18 वर्ष), रिंकू (35 वर्ष) व नेहा (12 वर्ष)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन को तत्काल राहत देने का निर्देश दिया है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। नहर में डूबे वाहन को क्रेन और गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया। सीहागांव गांव में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। एक ही गांव के इतने लोगों की सामूहिक मृत्यु से हर घर ग़मगीन है। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
0 टिप्पणियाँ