नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए, लेकिन सड़क पर नहीं: मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ, 18 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब कट्टा-बम, दंगे और माफिया संस्कृति की पहचान से बाहर निकलकर ब्रह्मोस मिसाइल, डिफेंस कॉरिडोर, एक्सप्रेस-वे और निवेश के नए केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “नमाज पढ़नी है तो शिफ्ट में पढ़िए, लेकिन सड़क पर नहीं। सड़कें आवागमन के लिए हैं और अराजकता किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक समाचार पत्र के 78वें स्थापना दिवस पर आयोजित संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, मीडिया की भूमिका और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर पर विस्तार से अपनी बात रखी।
सीएम योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश दंगे, माफिया और गुंडा टैक्स के लिए जाना जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। “राह चलती बेटी से छेड़खानी करने वाले की दुर्गति रावण और दुर्योधन जैसी होगी,” उन्होंने कहा।
सड़क पर नमाज पढ़ने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि किसी को भी सड़क रोककर अव्यवस्था फैलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि “जहां स्थल निर्धारित है, वहां नमाज पढ़िए। संख्या अधिक है तो शिफ्ट में पढ़िए। लेकिन सड़क बाधित नहीं होने देंगे। प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो दूसरा तरीका भी अपनाया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने मीडिया की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा कि सकारात्मक और संवेदनशील पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करती है, जबकि फेक न्यूज और सनसनी समाज में अराजकता फैलाती है। उन्होंने कहा कि गलत खबरें कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकती हैं।
सीएम योगी ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर और निवेश के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और लाखों युवाओं को रोजगार मिला है।
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा-बम बनते थे, लेकिन अब ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन बनाए जा रहे हैं। “नए उत्तर प्रदेश की यही पहचान है,” मुख्यमंत्री ने कहा।
कार्यक्रम में अमर उजाला समूह के प्रबंध निदेशक तन्मय माहेश्वरी, प्रेसिडेंट वरुण माहेश्वरी, संपादक डॉ. इंदुशेखर पंचोली, अभिनेता जैकी श्रॉफ सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ