लखनऊ। उत्तर प्रदेश सीमेंट व्यापार संघ का 14वां स्थापना दिवस लखनऊ इकाई लखनऊ सीमेंट डीलर्स एसोसिएशन द्वारा अध्यक्ष अभिषेक मंसानी के नेतृत्व में भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन होटल क्लार्क अवध में को-पार्टनर इन्फिनिटी म्यूचुअल फंड के सहयोग से किया गया, जिसका संचालन संघ के संरक्षक एवं भाजपा नेता अजय त्रिपाठी ‘मुन्ना भाई’ ने किया।
कार्यक्रम में इन्फिनिटी म्यूचुअल फंड से मोहित गुप्ता और तरुण ने व्यापारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए निवेश के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने म्यूचुअल फंड में सरल तरीके से निवेश करने के विकल्प समझाए और डीलर्स की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान कई व्यापारियों ने निवेश के प्रति रुचि भी दिखाई।
समारोह को “धन्यवाद स्थापना दिवस” के रूप में मनाया गया, जिसमें केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार द्वारा सीमेंट पर टैक्स दर में कमी, टीसीएस समाप्त करने और चौड़ी सड़कों पर भूमि के मिश्रित उपयोग जैसी मांगों को स्वीकार करने के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्याममूर्ति गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों में राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक बाजपेई, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 (जोन-2) रामप्रकाश, डिप्टी कमिश्नर अखिलेश दुबे शामिल हुए, जबकि युवा भाजपा नेता नीरज सिंह ने फोन के माध्यम से संबोधित किया। सभी अतिथियों का स्वागत अभिषेक मंसानी ने जिम्मी गर्ग, मनीष अग्रवाल और निर्मल गुप्ता के साथ किया।
नीरज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संघ द्वारा रक्षामंत्री को सौंपे गए अधिकांश मांगों को पूरा करने का प्रयास किया गया है और भविष्य में भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग जारी रहेगा।
राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक बाजपेई ने व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि व्यापार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उनका सहयोग हमेशा सकारात्मक रहा है और आगे भी रहेगा।
विभाग के एडिशनल कमिश्नर रामप्रकाश और डिप्टी कमिश्नर अखिलेश दुबे ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और संघ के साथ सकारात्मक सहयोग बनाए रखने की बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष श्याममूर्ति गुप्ता ने सरकार द्वारा किए जा रहे सुधारों का स्वागत करते हुए कहा कि कुछ संशोधनों से नई परेशानियां भी सामने आती हैं, जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत चार प्रमुख मांगें रखीं:
टैक्स देयता केवल निर्माता पर निर्धारित की जाए, जिससे राजस्व में वृद्धि हो सके।
टीडीएस की प्रक्रिया को समाप्त किया जाए।
व्यापारियों की बकाया राशि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और समय पर भुगतान न होने पर सख्त प्रावधान लागू हों।
छोटी-छोटी त्रुटियों पर व्यापारियों का उत्पीड़न न किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में अजय त्रिपाठी ‘मुन्ना भाई’ ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया और आश्वासन दिया कि संघ के साथ हर स्तर पर सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने सरकार और विभाग से अपील की कि प्रस्तुत मांगों पर विचार कर उन्हें जीएसटी काउंसिल के माध्यम से लागू किया जाए।





0 टिप्पणियाँ