यूपी के फार्मासिस्टों को मिलेगा केंद्र के समान पदनाम और वेतनमान? DPRA ने महानिदेशक को सौंपा ज्ञापन, शासन को भेजी गई फाइल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सरकारी फार्मासिस्टों के पदनाम (Nomenclature) और वेतनमान (Pay Scale) में बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। 'डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन' (DPRA), उत्तर प्रदेश के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं से स्वास्थ्य भवन में मुलाकात कर भारत सरकार के नए गजट नोटिफिकेशन के आधार पर बदलाव की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महानिदेशक (DG साहब) ने इस प्रस्ताव को आज ही शासन को भेजने का सकारात्मक आश्वासन दिया है।
इस महत्वपूर्ण मुलाकात का नेतृत्व डीपीआरए के प्रदेश अध्यक्ष जे. के. सचान ने किया। उनके साथ एसोसिएशन के महामंत्री प्रद्युम्न सिंह और प्रदेश प्रवक्ता व जिला अध्यक्ष लखनऊ राजीव कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने महानिदेशक को औपचारिक प्रत्यावेदन सौंपते हुए केंद्र सरकार के "फार्मासिस्ट भर्ती, पदोन्नति और सेवा विनियम, 2025" के प्रावधानों को राज्य में भी पूरी तरह लागू करने का आग्रह किया।
भारत सरकार के गजट नोटिफिकेशन का हवाला
एसोसिएशन द्वारा सौंपे गए दस्तावेजों (रजिस्ट्री सं. डी.एल.- 33004/99, दिनांक 10 जून 2026) के अनुसार, भारत के राजपत्र में फार्मासिस्टों के संवर्ग को अपग्रेड करने का स्पष्ट प्रावधान है। नए नियमों के तहत फार्मासिस्टों को गरिमापूर्ण पदनाम और 7वें वेतन आयोग के अनुसार आकर्षक वेतनमान देने की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसे उत्तर प्रदेश में भी लागू किया जाना है।
गजट के अनुसार नए पदनाम और वेतनमान की रूपरेखा:
| प्रस्तावित नया पदनाम | समूह | पे-लेवल | ग्रेड पे |
|---|---|---|---|
| फार्मेसी अधिकारी (Pharmacy Officer) | समूह 'ख' | लेवल- 7 | ₹4600 |
| वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी (Senior Pharmacy Officer) | समूह 'ख' | लेवल- 8 | ₹4800 |
| सहायक मुख्य फार्मेसी अधिकारी (Asst. Chief Pharmacy Officer) | समूह 'ख' | लेवल- 9 | ₹5400 |
| मुख्य फार्मेसी अधिकारी (Chief Pharmacy Officer) | समूह 'क' | लेवल- 10 | ₹5400 |
| जिला फार्मेसी अधिकारी / उप निदेशक (फार्मेसी) | समूह 'क' | लेवल- 11 | ₹6600 |
| संयुक्त निदेशक (फार्मेसी) (Joint Director) | समूह 'क' | लेवल- 12 | ₹7600 |
विशेषज्ञ पदों का होगा सृजन: इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार के इस गजट में विशेषज्ञ पदों के रूप में 'दवा सूचना फार्मेसी अधिकारी' एवं 'क्लिनिकल फार्मेसी अधिकारी' (लेवल- 8, ग्रेड वेतन ₹4800) के नए पदों को सृजित करने का भी महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल है।
महानिदेशक ने तुरंत शुरू की कार्यवाही
प्रत्यावेदन का संज्ञान लेते हुए महानिदेशक ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया। उन्होंने मौके पर ही निर्णय लेते हुए कहा कि इस मामले के महत्व को देखते हुए इस प्रत्यावेदन को शासन को आवश्यक कार्यवाही हेतु भिजवा दिया जाएगा, ताकि नियमानुसार अग्रिम प्रक्रिया शुरू हो सके।
इस मुलाकात के दौरान एसोसिएशन के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और फार्मासिस्ट साथी उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि शासन स्तर से जल्द ही प्रदेश के हजारों फार्मासिस्टों के हित में यह शासनादेश जारी होगा।


0 टिप्पणियाँ