गोंडा में नकली व नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर FSDA का बड़ा प्रहार
• बिना लाइसेंस संचालित 3 अवैध गोदामों पर छापा, 1.13 करोड़ रुपये की दवाएं सीज
• कोडीन सिरप, ट्रामाडोल इंजेक्शन, अल्प्राजोलम समेत भारी मात्रा में नारकोटिक्स बरामद
• आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज
लखनऊ / गोंडा, 19 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश में अवैध व नकली औषधियों के नेटवर्क पर प्रभावी रोकथाम की नीति के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) मुख्यालय, लखनऊ के दिशा-निर्देशन में जनपद गोंडा के बरियार पुरवा सोनार गली, बड़गांव (थाना कोतवाली नगर) में एक व्यापक कार्रवाई की गई है। यहाँ 9 जनपदों के औषधि निरीक्षकों एवं स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा लगातार तीन दिनों (16, 17 एवं 18 जुलाई 2026) तक अनवरत सघन छापामार व सीजर की कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
बिना लाइसेंस के चल रहे थे 3 अवैध गोदाम
प्राप्त अभिसूचना के आधार पर संयुक्त टीम गोंडा-बलरामपुर रोड जयनगरा, बड़गाव में स्थित 'अमन फार्मास्युटिकल्स' की जांच करने पहुंची थी। लेकिन जांच में फर्म निश्चित चौहद्दी पर संचालित नहीं पाई गई और न ही वहां कोई साइन बोर्ड लगा था। पूछताछ के बाद जांच दल फर्म के संचालक अमन कसौधन के घर पहुंचा। वहां अमन के भाई शिवम कसौधन ने टीम को बताया कि वे बिना किसी औषधि लाइसेंस के बरियार पुरवा, भट्ठा सोनार गली, बड़गाव में फर्म का संचालन करते हैं।
जांच के दौरान ही टीम को इनके द्वारा संचालित दो अन्य अवैध गोदामों का भी पता चला। छापे के दौरान जब टीम ने इन ठिकानों पर स्टोर की गई दवाओं के वैधानिक क्रय-विक्रय अभिलेख, खरीद बिल अथवा स्टॉक रजिस्टर की मांग की, तो संचालक कोई भी वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत करने में पूरी तरह असमर्थ रहे।
बरामद दवाओं का विवरण और अनुमानित कीमत
तीन दिनों तक चली इस बड़ी कार्यवाही में नशे के दुरुपयोग में प्रयुक्त होने वाली दवाओं एवं अन्य एलोपैथिक दवाओं का एक विशाल जखीरा बरामद किया गया है। ज़ब्त की गई औषधियों का अनुमानित मूल्य रुपए 1,13,00,000 (एक करोड़ तेरह लाख रु) है।
| दवा का नाम (Medicine Name) | बरामदगी की मात्रा (Quantity) |
|---|---|
| Diptram Plus Capsules | 53,712 कैप्सूल |
| Ultranim-P Tablets | 14,700 टैबलेट |
| Proxispas Capsules | 59,256 कैप्सूल |
| Semplx Plus Capsules | 2,82,960 कैप्सूल |
| Roemer Spas Capsules | 32,160 कैप्सूल |
| Tramadol Injection | 1,96,000 इंजेक्शन |
| Alzomac 0.5 Tablets (Alprazolam) | 60,000 टैबलेट |
| Codeine Phosphate Syrups (Anrex/Onerex) | 63 बोतलें (100 ml) |
मामले में आगे की कार्रवाई के लिए 19 औषधियों के नमूने जांच हेतु संगृहीत किए गए हैं, जिन्हें तत्काल राजकीय प्रयोगशाला विश्लेषण हेतु भेजा गया है। नमूनों की परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी व्यक्तियों व फ़र्मों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के तहत परिवाद दाखिल किया जाएगा।
मौके से मुख्य संचालकों में से एक अभियुक्त शिवम कसौधन (पुत्र प्रमोद कसौधन, निवासी: रानी बाजार, बड़गांव, गोंडा) को पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका सगा भाई और इस अवैध कारोबार का मुख्य प्रोपराइटर व सह-आरोपी अमन कसौधन मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
भारी मात्रा में मनःप्रभावी दवाओं (Narcotics) के अवैध व्यापार और नशे के दुरुपयोग को बढ़ावा देने के इस गंभीर कृत्य के लिए अभियुक्तों के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम, 1985 की धारा 8/21 के अंतर्गत थाना कोतवाली नगर, गोंडा में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) संख्या 0676 दिनांक 19.07.2026 दर्ज कराई गई है।


0 टिप्पणियाँ