लखनऊ में शहीद पथ पर बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर, तीन लेयर फ्लाईओवर होगा दुनिया के आकर्षण का केंद्र
- शहीद पथ पर एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक बनेगा लगभग 23 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर।
- लखनऊ-सीतापुर सिक्स लेन हाईवे सहित यूपी की कई अन्य बड़ी परियोजनाओं को मिली मंजूरी।
- दिसंबर तक भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी; रक्षामंत्री और सड़क परिवहन मंत्री ने की सीएम योगी की सराहना।
लखनऊ: लखनऊ में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए शहीद पथ पर बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साकार होने जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कहने पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक लगभग 23 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। नितिन गडकरी ने कहा कि इस वर्ष दिसंबर तक भूमि पूजन कर परियोजना का निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
सोमवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4,850 करोड़ रुपये से अधिक की 3 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों ने योगी सरकार की कार्यशैली और राज्य की कानून व्यवस्था की जमकर सराहना की।
शहीद पथ: अटल जी के समय रखी गई थी नींव
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र सरकार थी, तब उनके सड़क परिवहन मंत्री रहते हुए शहीद पथ का शिलान्यास हुआ था। आज यही शहीद पथ लखनऊ की लाइफलाइन बन चुका है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए अब इसके ऊपर एलिवेटेड रोड बनाना समय की आवश्यकता है, जिससे वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य में इसी कॉरिडोर पर मेट्रो भी संचालित की जाए, ताकि लोगों को तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।
"लखनऊ में प्रस्तावित तीन लेयर एलिवेटेड फ्लाईओवर विश्व स्तर पर आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस परियोजना में आधुनिक मास रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे सड़क और सार्वजनिक परिवहन दोनों को मजबूती मिलेगी।" - नितिन गडकरी
इन बड़ी परियोजनाओं को भी मिली हरी झंडी
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि लखनऊ से सीतापुर तक प्रस्तावित छह लेन राजमार्ग को भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तत्काल स्वीकृति दे दी है और जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू होने की उम्मीद है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में 50 से 60 हजार करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है और अगले दो वर्षों में प्रदेश में लगभग पांच लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।
नितिन गडकरी ने बताया कि लखनऊ के किसान पथ पर सर्विस रोड बनाई जाएगी। इसके अलावा अयोध्या-गोंडा बाईपास, आनंदनगर-महराजगंज बाईपास, पडरौना-तमकुही बाईपास तथा दादरी-लालकुआं छह लेन एलिवेटेड रोड जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है।
यूपी के विकास में कानून व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर का योगदान
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का विकास पूरे देश में चर्चा का विषय है। किसी भी प्रदेश के विकास की पहली शर्त मजबूत कानून व्यवस्था होती है और योगी सरकार ने इसे स्थापित करके दिखाया है।
वहीं, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत कर लोगों का विश्वास जीता और गुंडाराज को समाप्त किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी देश और राज्य के विकास में चार बातें महत्वपूर्ण होती हैं - वॉटर, पावर, ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन। जहां ये चारों व्यवस्थाएं मजबूत होती हैं, वहां व्यापार, उद्योग और कारोबार तेजी से बढ़ते हैं, जिससे रोजगार का सृजन होता है और गरीबी दूर होती है।

0 टिप्पणियाँ