UP Mango Festival 2026: उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का शानदार समापन, मलिहाबाद के इकबाल अहमद बने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शक; देखें विजेताओं की पूरी लिस्ट
लखनऊ, 5 जुलाई: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में चल रहे तीन दिवसीय ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026’ का रविवार को भव्य समापन हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 3 जुलाई को शुरू किए गए इस महोत्सव के अंतिम दिन उद्यान एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न प्रतियोगिताओं के 180 से अधिक विजेताओं को पुरस्कार बांटे।
इस वर्ष महोत्सव में आम की लगभग 800 प्रजातियों के 3000 से अधिक नमूनों का प्रदर्शन किया गया, जो पिछले साल की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक रहा। पारंपरिक दशहरी, लंगड़ा और चौंसा के अलावा अवध अभया, अवध समृद्धि, सुंदरजा, और विदेशी प्रजाति टॉमी एटकिन्स जैसी रंगीन किस्में लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं।
आम महोत्सव 2026: किसे मिला कौन सा पुरस्कार?
| पुरस्कार की श्रेणी | विजेता का नाम / विवरण |
|---|---|
| सर्वश्रेष्ठ प्रदर्श (Best Exhibit) | मोहम्मद इकबाल अहमद (अवध नर्सरी, मलिहाबाद) - चौंसा प्रजाति के लिए |
| सर्वाधिक पुरस्कार विजेता |
1. मोहम्मद इकबाल अहमद (20 पुरस्कार) 2. मोहम्मद अब्दुल सलीम, जैद नर्सरी (17 पुरस्कार) 3. सुरेश चंद्र शुक्ला, लखनऊ (14 पुरस्कार) |
| सर्वाधिक प्रजातियों का प्रदर्शन |
प्रथम: सुरेश चंद्र शुक्ला (190 प्रजातियां) द्वितीय: उपेन्द्र सिंह, माल (92 प्रजातियां) तृतीय: सूर्य मणि यादव, जौनपुर (24 प्रजातियां) |
| बच्चों की आम खाने की प्रतियोगिता |
प्रथम: रुचिर शुक्ला (लखनऊ) द्वितीय: अरिक्ता सिंह (लखनऊ) तृतीय: दीपांशु यादव (बस्ती) |
बिजनेस और स्वरोजगार के लिए बंपर सरकारी अनुदान:
महोत्सव के अंतिम दिन खाद्य प्रसंस्करण और तकनीकी सत्र में किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। PMFME योजना के तहत लघु उद्योग लगाने पर 35 प्रतिशत (अधिकतम 1 लाख रुपये) और UP खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के तहत उद्योग लगाने पर 35 प्रतिशत (अधिकतम 5 करोड़ रुपये) तक का भारी अनुदान (Subsidy) दिया जा रहा है।
वैश्विक बाजार में धूम मचा रहा है यूपी का आम: उद्यान मंत्री
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का आम अब दुनिया के 30 से अधिक देशों में निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Jewar International Airport) के पूरी तरह सक्रिय होने से कार्गो विमानों के जरिए सीधे विश्व बाजारों तक आम भेजा जा सकेगा, जिससे निर्यात लागत में भारी कमी आएगी और बागवानों की आय कई गुना बढ़ जाएगी।
आम के हलवे और रसगुल्ले ने जीता दिल
प्रदर्शनी में केवल कच्चे और पके आम ही नहीं, बल्कि आम से बने प्रसंस्कृत उत्पादों (Processed Products) के स्टॉल भी छाए रहे। दर्शकों के बीच आम की आइसक्रीम, आम की जलेबी, आम पना, आम का हलवा और 'आम का रसगुल्ला' विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बने रहे। इसके अलावा हाईटेक नर्सरियों द्वारा तैयार किए गए कमल, ड्रैगनफ्रूट और खजूर के पौधों की भी जमकर बिक्री हुई।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में उद्यान विभाग, मंडी परिषद, पर्यटन विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (CISH) रहमानखेड़ा ने मिलकर काम किया। समापन के अवसर पर विधायक प्रभात वर्मा, पूजा पाल, एमएलसी पवन सिंह चौहान और अपर मुख्य सचिव बी.एल. मीणा सहित विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ