लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) आज यानी 2 जुलाई से शुरू होकर 4 जुलाई 2026 तक चलेगी। इस बार परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए आयोग ने कमर कस ली है। प्रदेश के 60 जनपदों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5 पालियों में यह परीक्षा संपन्न होगी, जिसमें 19,94,661 पंजीकृत अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं
परीक्षा का पूरा शेड्यूल: जानें कब होगी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक की परीक्षा
आयोग के अनुसार, 3 दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा कुल 5 पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए शेड्यूल इस प्रकार है:
- उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8): 02 जुलाई की दोनों पालियों और 03 जुलाई की पहली पाली में इस स्तर के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
- प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5): 03 जुलाई की दूसरी पाली और 04 जुलाई की पहली पाली में प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
एआई (AI) सीसीटीवी कैमरों और कमांड रूम से होगी 'थर्ड आई' निगरानी
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार (सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक, उ.प्र.) ने तैयारियों की समीक्षा के बाद बताया कि सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं:
- इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम: सभी परीक्षा केंद्रों के सभी कक्षों और महत्वपूर्ण हिस्सों को एआई सीसीटीवी से आच्छादित कर आयोग में स्थापित अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से जोड़ा गया है।
- निषेधाज्ञा और कड़ा पहरा: सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी। संदिग्ध व असामाजिक तत्वों पर विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है।
"नकल विरोधी कानून के तहत होगी कार्रवाई: अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नकल कराने अथवा परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वालों के विरुद्ध 'उ.प्र. सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024' के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।"
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह बैन, अफवाहों से बचें अभ्यर्थी
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों द्वारा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन आदि का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थियों के आगमन और प्रवास के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
आयोग के अध्यक्ष ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या बहकावे में न आएं और सूचनाओं की पुष्टि के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in एवं 'X' हैंडल @upesscprayagraj को ही फॉलो करें। शासन और आयोग इस परीक्षा को निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए पूरी तरह कृत संकल्पित है।

0 टिप्पणियाँ